Lohardaga: जिले में नशा मुक्ति अभियान को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से राजकीय कृत बालिका उच्च विद्यालय की छात्राओं ने सोमवार को जागरूकता रैली निकाली. रैली के माध्यम से छात्राओं ने लोगों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की.
विद्यालय परिसर से शुरू हुई रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी. इस दौरान छात्राओं ने “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “नशा मुक्त समाज बनाएं” और “स्वस्थ युवा, मजबूत देश” जैसे नारों के जरिए लोगों को जागरूक किया. छात्राओं ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है. उन्होंने लोगों से अपने बच्चों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की.
युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति चिंता का विषय
मौके पर विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका सुनीता स्टेला कुजूर ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के बीच नशे की बढ़ती प्रवृत्ति चिंता का विषय है. ऐसे में छात्र-छात्राओं के माध्यम से समाज को जागरूक करना जरूरी हो गया है. उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारियों की भावना विकसित करना भी विद्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के जीवन को बर्बाद कर देता है और परिवार की खुशियों को भी प्रभावित करता है. इसलिए सभी लोगों को नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए.
छात्राओं की पहल की सराहना
प्रभारी प्रधानाध्यापिका ने छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की जागरूकता रैलियां समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं. यदि युवा वर्ग नशे से दूर रहेगा, तो समाज और देश का भविष्य भी सुरक्षित और मजबूत होगा. इस अवसर पर विद्यालय की छात्राएं एवं शिक्षकगण मौजूद रहे. रैली में जेबा कौशर, सुरैया सबा, सुनीता टोप्पो, सुधा रानी, सुनीता कुमारी, मनीषा कुमारी, पूनम तिर्की, फरजाना खातून, प्रशांत कुमार, पंचम लकड़ा समेत बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया.
ALSO READ: लोहरदगा : मत्स्यजीवी समिति ने बड़ा तालाब में छोड़ा 5 क्विंटल मछली का जीरा, उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा


