Ranchi: मानसून की दस्तक से पहले ही राजधानी रांची की ड्रेनेज व्यवस्था की पोल खुलने लगी है. सबसे बदतर स्थिति शहर के लाइफलाइन कहे जाने वाले सेवा सदन अस्पताल मार्ग की है, जहां हल्की बारिश भी आम जनता और मरीजों के लिए आफत का सबब बन जाती है. इस गंभीर समस्या को देखते हुए रांची के विधायक सह पूर्व नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने मोर्चा संभाल लिया है. उन्होंने नगर आयुक्त को एक कड़ा पत्र लिखकर इस नारकीय स्थिति से जनता को तुरंत निजात दिलाने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव: सीएम आवास में ‘मॉक पोल’ से सजेगी इंडिया गठबंधन की बिसात, भाजपा बोली- ये कैसी बेचैनी

अस्पताल मार्ग से मरीजों और श्रद्धालुओं का गुजरना हुआ दुश्वार
विधायक सीपी सिंह ने नगर आयुक्त को लिखे पत्र में इलाके की बदहाली का जिक्र करते हुए कहा कि सेवा सदन अस्पताल में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में गंभीर मरीज और उनके परिजन पहुंचते हैं. इसके अलावा, इसी मार्ग पर दो प्रमुख धर्मशालाएं और मंदिर भी स्थित हैं, जहां श्रद्धालुओं का लगातार आना-जाना लगा रहता है. हल्की सी बारिश होते ही पूरी सड़क जलमग्न हो जाती है. नाली का गंदा पानी सड़कों पर तैरने लगता है. सड़ांध और दुर्गंध के कारण लोगों का पैदल चलना तो दूर, वहां से गुजरना भी दूभर हो चुका है. यह स्थिति जनस्वास्थ्य के लिए एक बड़ा खतरा है.

ट्रेंड इंजीनियरों से सर्वे कराकर बने मास्टर प्लान
विधायक सीपी सिंह ने नगर निगम को समस्या के स्थायी समाधान के लिए एक व्यावहारिक सुझाव भी दिया है. उन्होंने मांग की है कि कुशल इंजीनियरों की टीम द्वारा तुरंत सेवा सदन मार्ग का स्थल निरीक्षण कराया जाए. जलजमाव की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए एक दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जाए. केवल सेवा सदन ही नहीं, बल्कि रांची के अन्य सभी जलजमाव वाले संवेदनशील इलाकों का भी प्री-मानसून सर्वे कराया जाए.
बरसात से पहले हो सुधारात्मक कार्य
सीपी सिंह ने पत्र के जरिए नगर प्रशासन को चेताया है कि मानसून पूरी तरह सक्रिय होने से पहले युद्ध स्तर पर सुधारात्मक कार्य किए जाएं, ताकि बरसात के दिनों में आम नागरिकों को इस नारकीय स्थिति का सामना न करना पड़े.

