Jamtara: जन सेवा पार्टी संयोजक राकेश लाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को जामताड़ा जिले के दुखकेवड़ा टोला सहरबेड़ा पहुंचा. प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में हुई मोनू टुडू की मौत के मामले में पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली. बता दें, कि बीते 12 जून 2026 को मोनू टुडू नामक 40 वर्षीय आदिवासी संथाल युवक की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने एम्बुलेंस के लिए घंटों इंतजार किया, लेकिन समय पर एम्बुलेंस नहीं मिलने के कारण परिजन उन्हें ट्रैक्टर पर खटिया में लादकर जामताड़ा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. आरोप है कि अस्पताल में भी इलाज में देरी हुई, जिसके कारण मोनू टुडू की मौत हो गई.
पार्टी संयोजक ने स्वास्थ्य मंत्री पर साधा निशाना
मौके पर जन सेवा पार्टी संयोजक राकेश लाल ने कहा, कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और जामताड़ा सदर अस्पताल में अव्यवस्था, लापरवाही तथा भ्रष्टाचार अपने चरम पर है. उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर निशाना साधते हुए कहा, कि सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बताने का दावा करती है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि लोगों को समय पर एम्बुलेंस और इलाज तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है.
राकेश लाल ने आरोप लगाया कि मोनू टुडू की मौत इलाज के अभाव में हुई है और मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार घंटों इंतजार के बावजूद एम्बुलेंस नहीं पहुंची, जिसके बाद ट्रैक्टर से मरीज को अस्पताल लाया गया. वहीं अस्पताल में भी पहले पर्ची कटाने की बात कही गई, जिससे इलाज में देरी हुई और मरीज की जान चली गई.
मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग
जन सेवा पार्टी ने स्वास्थ्य मंत्री एवं उपायुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा पीड़ित परिवार को न्याय और उचित मुआवजा देने की मांग की है. साथ ही पार्टी ने चेतावनी दी, कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो स्वास्थ्य मंत्री का पुतला दहन और घेराव किया जाएगा. इस दौरान पार्टी के जिला प्रवक्ता छोटेलाल मंडल, विजय मरांडी, सफीक अंसारी, बिमल टुडू, जिलाल बास्की, विनोद मरांडी, मिथुन हेंब्रम समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.



