Ranchi : झारखंड में मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है. अगले 4 से 5 दिनों के भीतर इसके पूरे राज्य में सक्रिय होने की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं. वर्तमान में मानसून की सीमा रांची और जामुई से होकर गुजर रही है. हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के पूरी तरह छाने से पहले अगले दो दिनों तक लोगों को थोड़ी गर्मी झेलनी पड़ सकती है, क्योंकि अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है. इसके बाद तापमान में गिरावट आएगी और झमाझम बारिश का दौर शुरू होगा.
पिछले 24 घंटों का हाल : पाकुड़ में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई है. इस दौरान पाकुड़ के महेशपुर में सबसे अधिक 21.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. तापमान की बात करें तो डाल्टनगंज 40.4 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा. जबकि लातेहार में सबसे कम 23.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.
आने वाले दिनों का मौसम पूर्वानुमान
• 16 और 17 जून : उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर राज्य के बाकी हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात (बिजली गिरने) की आशंका है.
• 18 जून : राज्य के दक्षिणी और मध्य भागों में मौसम बदलेगा. कहीं कहीं वज्रपात के साथ तेज हवाएं चलेंगी.
• 19 और 20 जून : इन दो दिनों में मौसम का मिजाज थोड़ा और कड़ा हो सकता है. राज्य के पूर्वी और मध्य हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और बारिश की संभावना जताई गई है.
• 21 और 22 जून : पूरे राज्य में बादल छाए रहेंगे और लगभग सभी स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की अच्छी बारिश देखने को मिलेगी.
राजधानी रांची का संभावित तापमान
रांची में 16 और 17 जून को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. वहीं, 18 से 20 जून के बीच पारा गिरकर 33 डिग्री सेल्सियस तक आ जाएगा. जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी. 21 और 22 जून को शहर में सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे और एक दो बार मध्यम दर्जे की बारिश होगी. मौसम विभाग ने लोगों को वज्रपात के समय सतर्क रहने की सलाह दी है.
प्रमुख शहरों का तापमान
• डाल्टनगंज : 40.4 डिग्री सेल्सियस
• जमशेदपुर : 40.0 डिग्री सेल्सियस
• सरायकेला : 38.8 डिग्री सेल्सियस
• बोकारो : 38.5 डिग्री सेल्सियस
• चाईबासा : 38.0 डिग्री सेल्सियस
• खूंटी : 36.3 डिग्री सेल्सियस
• पाकुड़ : 35.0 डिग्री सेल्सियस
• लोहरदगा : 34.9 डिग्री सेल्सियस
• रांची : 34.2 डिग्री सेल्सियस
• लातेहार : 30.9 डिग्री सेल्सियस



