Giridih : बालमुकुंद फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ असंगठित मजदूर मोर्चा और भाकपा माले की ओर से जारी आंदोलन को अब ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक का भी समर्थन मिल गया है. संगठन ने जिला प्रशासन से मजदूरों की समस्याओं का जल्द समाधान करने और फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.
फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक और पूर्व जिला परिषद सदस्य राजेश यादव ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से कथित रूप से मजदूरों की मनमानी छंटनी किए जाने के विरोध में कई महीनों से आंदोलन जारी है. इसके बावजूद अब तक प्रभावित मजदूरों को न्याय नहीं मिल पाया है. उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्ट्री में श्रमिकों के अधिकारों का लगातार उल्लंघन किया जा रहा है और स्थानीय लोगों को रोजगार देने में भी उपेक्षा बरती जा रही है.
प्रदूषण के कारण लोग हो रहे परेशान
राजेश यादव ने कहा कि फैक्ट्री से होने वाले प्रदूषण के कारण आसपास के गांवों के लोगों को भी विभिन्न परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. धूल और अन्य प्रदूषणकारी तत्वों से जनजीवन प्रभावित हो रहा है, लेकिन इस दिशा में भी प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं. उन्होंने कहा कि प्रशासन को मजदूरों और स्थानीय ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच करानी चाहिए.
उन्होंने जिला प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मामले की पूरी जानकारी होने के बावजूद अब तक ऐसी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. जिससे आंदोलनरत मजदूरों को राहत मिल सके. साथ ही उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों पर मजदूर विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि श्रमिक वर्ग के हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है.

आंदोलन और उग्र होगा
राजेश यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मजदूरों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा. उन्होंने आंदोलनकारियों की सभी मांगों को जायज बताते हुए जिला प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर समाधान निकालने की अपील की. उन्होंने कहा कि मजदूरों के हितों की रक्षा करना प्रशासन और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है. किसी भी स्थिति में श्रमिकों के अधिकारों का हनन स्वीकार नहीं किया जा सकता. फॉरवर्ड ब्लॉक ने आंदोलनरत मजदूरों के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए उनके संघर्ष को न्यायपूर्ण बताया.


