Jamtara: नारायणपुर प्रखंड कार्यालय में मंगलवार को बीडीओ सह अंचलाधिकारी देवराज गुप्ता की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अबुआ आवास योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न पंचायतों के पंचायत सचिव शामिल हुए. इस दौरान आवास योजनाओं की प्रगति और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई.
अबुआ आवास योजना के 584 आवास लंबित
समीक्षा के दौरान पाया गया कि अबुआ आवास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2023-24 के 175 तथा वर्ष 2024-25 के 409 आवास अब भी अधूरे हैं. अधिकारियों ने लंबित आवासों को जल्द पूरा कराने पर जोर दिया.
प्रधानमंत्री आवास योजना के 1198 घर अधूरे
बैठक में यह भी सामने आया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 के कुल 1198 आवासों का निर्माण अभी तक पूरा नहीं हो सका है. इस पर बीडीओ ने नाराजगी जताते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए.
लाभुकों से नियमित संपर्क रखने का निर्देश
बीडीओ सह सीओ देवराज गुप्ता ने सभी पंचायत सचिवों को लंबित आवासों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने तथा लाभुकों से नियमित संपर्क बनाए रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी आवास योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है.
निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने पर जोर
बैठक में सभी पंचायतों को लंबित मामलों की लगातार निगरानी करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवास निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया गया, ताकि जरूरतमंद परिवारों को जल्द से जल्द पक्के आवास का लाभ मिल सके.



