Ranchi: मानसून के आगमन से पहले रांची नगर निगम शहर को जलजमाव से बचाने के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर गया है. नालियों की सफाई के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में पहली बार इस्तेमाल की जा रही स्किड लोडर (मिनी JCB) मशीनें काफी कारगर साबित हो रही हैं. इन मशीनों की मदद से उन संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों तक पहुंचना संभव हो रहा है, जहां बड़ी मशीनें नहीं पहुंच पाती थीं.
संकरी गलियों में भी पहुंच रही मशीनें
नगर निगम के अनुसार, शहर के विभिन्न वार्डों में वर्षों से जमी गाद, प्लास्टिक कचरा और अन्य अवरोधों को तेजी से हटाया जा रहा है. बंद पड़ी नालियों को दोबारा चालू करने और जरूरत पड़ने पर अस्थायी नालियां बनाने का काम भी मशीनों की सहायता से किया जा रहा है. इससे जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने में मदद मिल रही है.
कई इलाकों में चला सफाई अभियान
लोहराकोचा, चुटिया, कांटाटोली, धोबीघाट, हरमू, मधुकम, अलकापुरी, ओटीसी ग्राउंड क्षेत्र, अरगोड़ा तालाब, करमटोली, किशोरगंज और कुसुम बिहार समेत कई इलाकों की संकरी गलियों में सफाई अभियान चलाया गया है. निगम की टीमें लगातार फील्ड में मौजूद रहकर नालियों की सफाई और निकाले गए कचरे के त्वरित उठाव का कार्य कर रही हैं.
जलजमाव मुक्त रांची बनाने की तैयारी
नगर निगम का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य बरसात के दौरान जलजमाव की समस्या को न्यूनतम करना और नागरिकों को राहत देना है. निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे नालियों में प्लास्टिक, मलबा और अन्य ठोस कचरा न फेंकें तथा स्वच्छ और जलजमाव मुक्त रांची बनाने में सहयोग करें.
जानें टोल फ्री नंबर
नगर निगम ने बताया कि किसी भी क्षेत्र में जाम नाली की शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1800-570-1235 पर संपर्क किया जा सकता है.
ALSO READ : जामताड़ा के धनुक मोड़ पर दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापना की तैयारी तेज, भूमि नापी कार्य पूरा



