Ranchi : राजधानी में आरएसएस कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया है. लेकिन अब इस सनसनीखेज हमले के पीछे छिपे चेहरों से पर्दा उठने लगा है. रांची पुलिस ने अपने गुप्त और तेजतर्रार “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत एक नहीं, दो नहीं बल्कि कई आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर पूरे षड्यंत्र की परतें खोलनी शुरू कर दी हैं. सूत्रों के मुताबिक, जैसे ही निवारणपुर स्थित आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंके जाने की खबर रांची के एसएसपी को मिली. एसएसपी राकेश रंजन खुद मोर्चे पर उतर गए. सिटी एसपी पारस राणा और ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में ऐसी घेराबंदी की गई कि हमले में शामिल अपराधी एक-एक कर पुलिस के जाल में फंसते चले गए.
20 घंटे और पूरी कहानी पुलिस के सामने
बताया जा रहा है कि सबसे पहले कार चालक और उसके बाद घटना का वीडियो बनाने वाले शख्स को दबोचा गया. इसके बाद पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर शहर के अलग-अलग इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू हुई. देखते ही देखते पेट्रोल बम फेंकने वाले आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में आ गए. अबतक कार चालक के अलावे तीन आरोपियों के गिरफ्तारी की खबर है. सभी आरोपी रांची के ही बताये जा रहे है. सूत्रों का दावा है कि पूछताछ के दौरान कई राज सामने आए हैं. जिससे पता चलता है कि हमला सिर्फ आपराधिक वारदात नहीं बल्कि किसी बड़े साजिश का हिस्सा था. अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क या बड़ा मॉड्यूल तो सक्रिय नहीं था.
कौन था मास्टरमाइंड
किसने बनाई थी हमले की पूरी पटकथा? वीडियो क्यों बनाया गया था? क्या किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हैं आरोपी? इन सवालों का जवाब तलाशने के लिए पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है. सूत्रों की मानें तो आने वाले कुछ घंटों में कई और चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं. उधर, हमले के बाद पूरे निवारणपुर इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है. पुलिस और खुफिया एजेंसियां हर एंगल से जांच कर रही हैं, ताकि इस सनसनीखेज वारदात के पीछे की पूरी साजिश का पर्दाफाश किया जा सके.
ALSO READ : झारखंड राज्यसभा चुनाव : दो सीटों के लिये मतदान सुबह 9 बजे से



