Lohardaga: भारतीय जनता पार्टी जिला लोहरदगा की ओर से स्थानीय नॉवेल्टी होटल में गुरुवार को “12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” विषय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे.
जनजातीय कल्याण और विकास योजनाओं पर दिया जोर
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए समीर उरांव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं. केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे गरीब, किसान, महिला, युवा तथा वंचित वर्गों का सशक्तिकरण हुआ है.
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जनजातीय समाज के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है. प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, वन धन विकास केंद्र तथा विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से आदिवासी समाज के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास को नई दिशा मिली है. इन योजनाओं का सकारात्मक प्रभाव दूर-दराज के आदिवासी क्षेत्रों में भी दिखाई दे रहा है.
रेल परियोजनाओं और आधारभूत संरचना का किया उल्लेख
समीर उरांव ने झारखंड में केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि रेलवे, सड़क, ऊर्जा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं. उन्होंने बताया कि राज्य में कई रेल परियोजनाएं, नई रेल लाइनों का निर्माण, स्टेशन आधुनिकीकरण और कनेक्टिविटी विस्तार के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, जिससे रोजगार के अवसरों में वृद्धि हुई है और क्षेत्रीय विकास को गति मिली है.
उन्होंने विशेष रूप से लोहरदगा से धरमजयगढ़ तक प्रस्तावित 293 किलोमीटर नई रेल लाइन परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस परियोजना को केंद्र सरकार की स्वीकृति मिल चुकी है. इसके लिए जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार प्रयास किए गए थे. उन्होंने बताया कि लगभग दो वर्ष पूर्व इस परियोजना का सर्वेक्षण कार्य पूरा कर लिया गया था. राज्यसभा सांसद रहते हुए उन्होंने स्वयं इस विषय को कई बार सदन में उठाया तथा रेल मंत्री से मिलकर परियोजना को आगे बढ़ाने की मांग की थी. उन्होंने कहा कि यह परियोजना बिलासपुर रेल मंडल के अंतर्गत आती है और इसके पूरा होने से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी.
ALSO READ: बोकारो सदर अस्पताल का आईसीयू जेनरल से बदतर, नाम के लगें हैं एसी और पंखें
झारखंड सरकार पर भी साधा निशाना
समीर उरांव ने कहा कि लोहरदगा के जनप्रतिनिधियों के प्रयास और केंद्र सरकार की सकारात्मक सोच के कारण राजधानी जैसी महत्वपूर्ण ट्रेन का परिचालन भी शुरू हो सका. उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताया. साथ ही उन्होंने झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में कई विकास परियोजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही हैं. हर घर नल-जल योजना में अनियमितताओं तथा अधूरी सड़कों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि इससे राज्य की छवि प्रभावित हो रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व मंच पर एक मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र के रूप में उभर रहा है. डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा, आधारभूत संरचना विकास और गरीब कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन देखने को मिले हैं.
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री मनीर उरांव, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ओमप्रकाश सिंह, पूर्व माटी कला बोर्ड अध्यक्ष श्रीचंद प्रजापति सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे. अंत में जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज ने प्रेस प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएंगे और विकास तथा जनकल्याण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का कार्य करेंगे.



