Bokaro : बोकारो के सदर अस्पताल का आईसीयू वार्ड इन दिनों गंभीर अव्यवस्थाओं को लेकर चर्चा में है. इलाज करा रहे मरीजों के परिजनों ने वार्ड की स्थिति को बेहद खराब बताते हुए कहा कि यहां की व्यवस्था जनरल वार्ड से भी बदतर हो गई है. आईसीयू में भर्ती मरीज के परिजन जगरनाथ यादव ने बताया कि अस्पताल में सुविधाओं की भारी कमी है. उनके अनुसार, मरीज की बीमारी के अनुसार डॉक्टर समय पर उपलब्ध नहीं रहते. वार्ड में लगी एयर कंडीशनर (AC) भी लंबे समय से खराब पड़ी है, जिस पर किसी भी स्तर पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि चार पंखे लगे हैं, लेकिन वे भी ठीक से काम नहीं करते, जिससे मरीजों को भारी परेशानी हो रही है.
जगरनाथ यादव ने बताया कि उन्होंने अपने पिता को 12 जून को सदर अस्पताल में भर्ती कराया था. पिछले तीन–चार दिनों में उन्होंने केवल एक बार डॉक्टर को वार्ड में आते देखा है. बार-बार नर्सिंग स्टाफ से डॉक्टर बुलाने की मांग करने पर सिर्फ आश्वासन मिलता है. इसी तरह मरीज की परिजन महिमा कुमारी ने भी आईसीयू की स्थिति पर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि आईसीयू केवल नाम का रह गया है, क्योंकि न तो AC ठीक से काम करता है और न ही पंखे पर्याप्त हैं. गर्मी के कारण मरीज लगातार परेशान रहते हैं और पसीने से भीग जाते हैं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रात में स्टाफ की कमी रहती है और बार-बार बुलाने पर भी नर्सें तुरंत नहीं आतीं. परिजनों ने यह भी शिकायत की कि अलग-अलग डॉक्टरों की अलग-अलग राय मिलने से वे कंफ्यूज हो जाते हैं, जिससे इलाज को लेकर असमंजस की स्थिति बन जाती है. उन्होंने अस्पताल प्रशासन से मांग की है कि आईसीयू में 24 घंटे डॉक्टर और नर्स की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और सभी खराब उपकरणों को जल्द ठीक किया जाए.
Also Read : जिला पर्यावरण समिति की बैठक संपन्न, DC ने दिए सख्त निर्देश



