Ranchi: राजधानी में इन दिनों लगातार विदेशी नंबरों से कारोबारियों को कॉल आ रहे हैं. इस मामले में रांची पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि विदेशी नंबरों से कॉल आने पर सतर्क रहें. इस मामले की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन के साथ साझा करें.
हाल के दिनों में रातू और नगड़ी थाना क्षेत्रों में व्यवसायियों से जुड़े ज्यादा मामले सामने आए हैं. कॉल करने वाले अपराधी खुद को किसी गैंग, आपराधिक गिरोह या उग्रवादी संगठन का सदस्य बताकर व्यापारियों में भय पैदा कर रहे हैं. इस गंभीर मामले को देखते हुए रांची पुलिस ने जनहित में पुलिस परामर्श जारी कर लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है.
आमतौर पर भारत के मोबाइल नंबर +91 से शुरू होते हैं. यदि किसी व्यक्ति को +1, +44, +82, +264 जैसे अन्य विदेशी कंट्री कोड वाले नंबरों से व्हाट्सएप कॉल या संदेश आता है और उसमें पैसे की मांग की जाती है या धमकी दी जाती है, तो इस प्रकार के मामले को गंभीरता से लें और तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दें.
शहरवासी अपना सकते हैं ये टिप्स
अगर किसी भी कारोबारी को विदेशी नंबर से कॉल या मैसेज आता है, तो कॉल न उठाएं और उस नंबर को तुरंत ब्लॉक कर दें. संदिग्ध कॉल, मैसेज या व्हाट्सएप नंबर की जानकारी तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराएं. पूरे मामले की जानकारी साइबर सेल को भी दें. धमकी से जुड़े कॉल रिकॉर्ड, चैट, ऑडियो रिकॉर्डिंग और स्क्रीनशॉट को डिलीट न करें, बल्कि उन्हें साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखें. किसी भी परिस्थिति में अज्ञात व्यक्ति को पैसे का भुगतान न करें. अपनी व्यक्तिगत, बैंकिंग या व्यावसायिक जानकारी किसी से साझा न करें. ऐसे किसी भी मामले या रंगदारी की मांग की सूचना तुरंत अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें, ताकि अपराधियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके.



