Chaibasa: जिला अंतर्गत सदर चाईबासा प्रखंड कार्यालय के सभागार में मिशन वात्सल्य अंर्तगत परिवार आधारित देखरेख कार्यक्रम ‘स्पॉन्सरशिप’ के तहत आच्छादित लाभुकों के लिए आयोजित एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय पारिवारिक-सह-मिलन समारोह में जिला उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने भाग लिया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जोखिम क्षेत्र के बच्चों के पालक परिवारों का सत्यापन, फॉलोअप एवं योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना रहा. समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने कहा कि बच्चों का समुचित विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने कहा कि मिशन वात्सल्य के अंतर्गत स्पॉन्सरशिप योजना के माध्यम से पात्र बच्चों को ₹4000/- प्रति माह की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि उनके पालन-पोषण, शिक्षा, पोषण एवं अन्य आवश्यक जरूरतों की पूर्ति सुनिश्चित हो सके.
प्राप्त राशि का सदुपयोग बच्चों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में करने का आग्रह
उपायुक्त ने पालक परिवारों से प्राप्त राशि का सदुपयोग बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं उज्ज्वल भविष्य निर्माण में करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का एकमात्र उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा आर्थिक या सामाजिक कारणों से अपने अधिकारों एवं अवसरों से वंचित न रहे. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को लाभुक परिवारों का नियमित अनुश्रवण एवं फॉलोअप करते हुए योजना के उद्देश्यों को धरातल पर प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने का निर्देश दिया. कार्यक्रम के दौरान लाभुक बच्चों एवं उनके अभिभावकों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी भी प्राप्त की गई. साथ ही परिवार आधारित देखरेख व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा बच्चों के हित में संचालित योजनाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई. इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस सुश्री ईरा जोरवाल, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग श्री खुशेन्द्र सोनकेशरी, प्रशिक्षु जेएएस, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
AlsoRead:बिरसामुंडा एयरपोर्ट से भाग रहे दो आरोपी को CISF की टीम ने दबोचा, पुलिस कर रही पूछताछ


