Ranchi: राजधानी रांची स्थित होटल चाणक्य बीएनआर में शुक्रवार को शहरी विकास एवं ऊर्जा क्षेत्र की राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य तथा ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने की. बैठक में झारखंड सरकार के मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू, विभागीय अधिकारी और ऊर्जा व शहरी विकास विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान राज्य में संचालित विभिन्न योजनाओं, बिजली आपूर्ति व्यवस्था, शहरी विकास परियोजनाओं और केंद्र प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई.
30 हजार परिवारों को नए बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने पर जोर
बैठक में आदिवासी समाज के करीब 30 हजार परिवारों को नए बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने और बीबीसी के अंतर्गत छह जिलों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के मुद्दे पर विशेष रूप से चर्चा हुई. अधिकारियों ने इन योजनाओं के क्रियान्वयन की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय के जरिए विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया गया. लक्ष्य है कि दूरस्थ और वंचित क्षेत्रों तक बिजली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा सके. बैठक के बाद मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि झारखंड की भौगोलिक परिस्थितियां अन्य राज्यों की तुलना में अलग और चुनौतीपूर्ण हैं. ऐसे में राज्य को आधारभूत संरचना और विकास योजनाओं के लिए केंद्र सरकार से अधिक सहयोग की अपेक्षा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र के सहयोग से ऊर्जा और शहरी विकास क्षेत्र की परियोजनाओं को और तेजी से आगे बढ़ाया जा सकेगा.



