Jamtara: जिले में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत मोडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ चल रही जांच के दौरान शुक्रवार रात टावर चौक पर हंगामा हो गया. इस दौरान हालात इतने बिगड़ गए कि सड़क सुरक्षा टीम के एक कर्मचारी के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट तक की नौबत आ गई. बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया.
जानकारी के अनुसार, जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में टावर चौक पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इस दौरान बुलेट मोटरसाइकिलों में लगे अवैध और तेज आवाज करने वाले मोडिफाइड साइलेंसर की जांच की जा रही थी. जांच में दो से तीन बाइकों में नियमों का उल्लंघन पाया गया, जिसके बाद उन्हें जब्त कर थाना भेज दिया गया.
सड़क सुरक्षा टीम के कर्मी के साथ हुई धक्का-मुक्की
इसी कार्रवाई के दौरान एक बाइक चालक ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग वहां इकट्ठा हो गए. धीरे-धीरे माहौल तनावपूर्ण हो गया और कुछ लोगों ने टीम की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया. आरोप है कि इस दौरान सड़क सुरक्षा टीम के कर्मी के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट भी हुई. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है.
ALSO READ: चोरीकांड का पुलिस ने किया पर्दाफाश, आरोपी गिरफ्तार, लाखों के जेवरात सहित नगदी बरामद



