Palamu: मेदिनीनगर के रेडमा श्रीराम पथ स्थित एक शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब सजावट का काम कर रहे एक टेंट कर्मी की करंट लगने से मौत हो गई. मृतक की पहचान कोलकाता निवासी तरुण कुमार दास के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, तरुण कुमार दास विवाह समारोह में टेंट और सजावट का कार्य कर रहा था. इसी दौरान वह वहां से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आ गया. करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही गिर पड़ा.
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और साथियों ने उसे तत्काल इलाज के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) पहुंचाया. हालांकि जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. हादसे के बाद शादी समारोह का माहौल गमगीन हो गया. अचानक हुई इस घटना से परिजन, सहकर्मी और आयोजन से जुड़े लोग सदमे में हैं.


