Palamu: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल (जीजीपीएस), जमुने में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड विधानसभा के प्रथम अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी उपस्थित रहे जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पलामू योग एसोसिएशन के अध्यक्ष सह सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता किशोर पांडेय शामिल हुए. बता दें कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को मनाया जाएगा, लेकिन कार्यक्रम की शुरुआत योग दिवस से एक दिन पहले यानी शनिवार से ही हो गई. मौके पर सामूहिक योग एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया. इसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. इस दौरान योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासनों और प्राणायाम के लाभों के बारे में बताते हुए नियमित योग को स्वस्थ जीवन का मुख्य आधार बताया.
यह भी पढ़ें: गिरिडीह: भाजपा नेता के संरक्षण में अवैध पत्थर उत्खनन का खेल, करोड़ों के राजस्व नुकसान का आरोप
योग से तनावमुक्त और निरोगी जीवन
मौके पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी ने कहा कि दवा से बेहतर वरजिश है. नियमित योग और व्यायाम व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखते हैं. आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग तनावमुक्त और निरोग जीवन का सबसे सरल माध्यम है. हर व्यक्ति को इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए. वहीं, विशिष्ट अतिथि किशोर पांडेय ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और परंपरा की अमूल्य धरोहर है. यह न केवल शरीर को स्वस्थ बनाता है, बल्कि मन को भी एकाग्र और सकारात्मक रखता है. युवाओं को नियमित योग अपनाकर स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए. कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को नियमित योग करने का संकल्प दिलाया गया. इस अवसर पर जीजीपीएस स्कूल के प्राचार्य, योग एसोसिएशन के सचिव अनिल पांडे सहित विद्यालय के सभी शिक्षक और कर्मी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: उपलब्धि : स्कॉच अवार्ड से सम्मानित हुआ झारखंड स्वास्थ्य विभाग, दो श्रेणियों में मिला गोल्ड


