Jamtara: जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड के मधुबन गांव में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से तीन भेड़ों और दो बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पशुपालक परिवार को भारी आर्थिक क्षति हुई है. जानकारी के अनुसार, मधुबन निवासी कैलाश मंडल की भेड़-बकरियां गांव के डंगाल में चर रही थीं. इसी दौरान अचानक मौसम खराब होने के साथ ठनका (वज्रपात) गिर गया, जिसकी चपेट में आने से तीन भेड़ और दो बकरियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. पीड़ित कैलाश मंडल ने बताया कि मृत पशुओं की अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये है. उन्होंने कहा कि इस आपदा से उनके परिवार को काफी नुकसान हुआ है. घटना के संबंध में पशुपालन विभाग को सूचना दे दी गई है तथा उचित मुआवजे की मांग की गई है.
ALSO READ: चाईबासा के कंकुसी गांव में स्वच्छता अभियान और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित
मुआवजे की मांग
घटना की सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. इस दौरान दीनबंधु मंडल, राजीव घोष, माधव मंडल, कार्तिक मंडल, प्रदीप मंडल, मोहित मंडल, बापी मंडल सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है.


