Click Here
Click Here
Click Here
Click Here
Click Here

पेशाब करने के बहाने उतरा और छीन ली थानेदार की पिस्टल! हाजत से भागे सैफ अंसारी के दुस्साहस और एनकाउंटर की पढ़े पूरी कहानी

– उल्टी टी-शर्ट पहनकर बस में छिपा था आरोपी – पिकेट ले जाने के दौरान लुकइया ढोड़ा के पास हुई मुठभेड़ Ranchi:...

उल्टी टी-शर्ट पहनकर बस में छिपा था आरोपी

पिकेट ले जाने के दौरान लुकइया ढोड़ा के पास हुई मुठभेड़

Ranchi: जिले के चान्हो थाना क्षेत्र में चुटिया स्थित आरएसएस कार्यालय में पेट्रोल बम से हमला करने के आरोपी के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई थी. चुटिया थाना में दर्ज यूएपीए और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के मामले में गिरफ्तार होने के बाद कोतवाली थाने की हाजत से फरार हुआ 20 वर्षीय कुख्यात अपराधी सैफ अंसारी चान्हो थाना क्षेत्र के लुकइया ढोड़ा के पास पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया था. इस मामले में आरोपी के विरुद्ध चान्हो थाना में एक और केस दर्ज हुआ है. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार आरोपी ने भागने के क्रम में चान्हो थाना प्रभारी टिंकू रजक की सरकारी पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर दो राउंड जानलेवा फायरिंग कर दी थी. पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ चलाई गई गोली सैफ के दाहिने पैर के घुटने के नीचे लगी. उसे इलाज के लिए रिम्स रांची में भर्ती कराया गया. जहां वह पुलिस अभिरक्षा में है.

कोतवाली हाजत से फरार होने के बाद ‘मांडर टोल’ पर पुलिस ने की थी नाकेबंदी:

घटना की शुरुआत 18 जून की दोपहर हुई थी. रांची से चान्हो थाना प्रभारी टिंकू रजक को सूचना मिली थी कि चुटिया थाना कांड संख्या 85/2026 का मुख्य आरोपी सैफ अंसारी (पिता- सेराज अंसारी, राहत नगर, लोहरदगा) कोतवाली थाना की कस्टडी से भाग निकला है. वह किसी वाहन से लोहरदगा की तरफ भाग सकता है. सूचना मिलते ही चान्हो थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मांडर टोल प्लाजा पहुंचे, जहां पहले से मांडर अंचल के इंस्पेक्टर जयप्रकाश राणा, खलारी थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा और मैक्लुस्कीगंज थाना प्रभारी धनंजय बैठा वाहनों की जांच कर रहे थे.

बस की पिछली सीट पर ‘उल्टी टी-शर्ट’ पहनकर लेटा था आरोपी:

दुपहर करीब 1:00 बजे रांची की तरफ से ‘पीह’ नामक एक यात्री बस मांडर टोल पर पहुंची. पुलिस टीम ने जब बस की तलाशी ली, तो सबसे पीछे वाली सीट पर एक लड़का पुलिस को चकमा देने के लिए अपनी टी-शर्ट उल्टी पहनकर लेटा हुआ था. हुलिया और पुलिस व्हाट्सएप ग्रुप में आए फोटो का मिलान करने पर उसकी पहचान कस्टडी से भागे सैफ अंसारी के रूप में हुई. पुलिस ने उसे बस से नीचे उतारकर हिरासत में ले लिया.

बीच रास्ते में बंद हुई पुलिस की बोलेरो, पेशाब के बहाने रची साजिश:

वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम सैफ अंसारी को बोलेरो वाहन (संख्या- JH01FZ1266) से सुरक्षित रखने के लिए चामा पुलिस पिकेट ले जा रही थी. इसी बीच लुकइया ढोड़ा के पास अचानक पुलिस की गाड़ी बंद हो गई. ड्राइवर बोनट खोलकर खराबी देखने लगा. इसी दौरान सैफ अंसारी ने पेशाब करने की इच्छा जताई. चान्हो थाना प्रभारी, मैक्लुस्कीगंज थाना प्रभारी और अन्य पुलिस बल उसे गाड़ी से नीचे उतारकर सड़क किनारे ले जा रहे थे कि अचानक सैफ ने थाना प्रभारी टिंकू रजक को जोरदार धक्का दिया और उनकी कमर से सरकारी 9mm लोडेड पिस्टल खींचकर जंगल की तरफ भागने लगा.

पुलिस पर दागीं दो गोलियां, जवाबी फायरिंग में लगी गोली:

थाना प्रभारी द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद सैफ नहीं रुका और उसने पुलिस टीम को निशाना बनाकर सरकारी पिस्टल से एक फायर झोंक दिया, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए. चेतावनी के बाद भी उसने दोबारा दूसरा फायर किया. इसके बाद पुलिस टीम में शामिल मैक्लुस्कीगंज थाना प्रभारी धनंजय कुमार बैठा ने आत्मरक्षार्थ अपने सर्विस पिस्टल से एक राउंड जवाबी फायरिंग की. गोली लगते ही अपराधी सैफ के हाथ से सरकारी पिस्टल जमीन पर गिर गई और वह वहीं बैठ गया. पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर उसे दबोच लिया.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *