Palamu: अंतर्राष्ट्रीय विधवा दिवस के अवसर पर मेदिनीनगर नगर भवन में संत मरियम स्कूल के चेयरमैन एवं पहल ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री अविनाश देव के नेतृत्व में विधवा सम्मान समारोह सह विधवा पुनर्विवाह पर चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विधवा महिलाओं को सम्मान देना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा समाज में विधवा पुनर्विवाह को बढ़ावा देना था. कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व प्रथम विधानसभा अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी, उप विकास आयुक्त शादात अनवर, प्रोविजनल आईएएस ऋत्विक मेहता, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान, झामुमो जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिन्हा, उपाध्यक्ष सोनू सिद्दीकी, शर्मिला सुमी, प्रभात अग्रवाल, पंकज श्रीवास्तव एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस अवसर पर पहल ट्रस्ट के अध्यक्ष अविनाश देव ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया.
चार जोड़ी विधवा पुनर्विवाह बने आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के दौरान चार जोड़ी विधवा पुनर्विवाह संपन्न कराए गए. इस अवसर का साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं सभागार में उपस्थित रहीं. अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि विधवा महिलाओं को समाज में सम्मान और समान अवसर मिलना चाहिए तथा विधवा पुनर्विवाह सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है.

ALSO READ: कोडरमा मे खराब रिजल्ट वाले सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के 70 शिक्षकों पर गिरी गाज
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं को उपहार स्वरूप साड़ी एवं एक-एक पौधा भेंट किया गया. साथ ही महिलाओं के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई थी. कार्यक्रम का समापन सामाजिक समरसता, महिला सम्मान और जागरूकता के संदेश के साथ हुआ. कार्यक्रम का मंच संचालन शालिनी श्रीवास्तव ने किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में पहल ट्रस्ट के सदस्य रवि पाल, ललन प्रजापति, शोभा प्रजापति, नेहा मानवी, विलिगना किंडो एवं अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही.


