Chakradharpur: बंदगांव प्रखंड के करंजो स्थित एकल ग्रामोत्थान संसाधन केंद्र में बुधवार को हथकरघा प्रशिक्षण एवं उत्पादन केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं नारियल फोड़कर की गई. कार्यक्रम की प्रस्तावना एकल अभियान के राष्ट्रीय अभियान प्रमुख एवं ग्रामोत्थान संसाधन केंद्र के केंद्रीय प्रमुख डॉ. ललन शर्मा ने रखी. उन्होंने कहा कि आज के बच्चे देश का भविष्य और राष्ट्र की धरोहर हैं. जब बच्चे और युवा आत्मनिर्भर बनेंगे, तभी देश का समग्र विकास संभव होगा.
केंद्र में किया जाएगा विभिन्न वस्त्रों का निर्माण
उन्होंने कहा कि एकल ग्रामोत्थान फाउंडेशन वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, कौशल विकास एवं स्वरोजगार के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने का कार्य कर रहा है. केंद्र में साड़ी, गमछा, तौलिया समेत विभिन्न वस्त्रों का निर्माण किया जाएगा. दो बड़े हॉल में आधुनिक हथकरघा मशीनों की व्यवस्था की गई है, जहां स्थानीय महिलाओं को प्रशिक्षण देने के साथ-साथ उत्पादन कार्य से भी जोड़ा जाएगा. इससे महिलाओं को गांव में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे तथा पलायन पर रोक लगाने में मदद मिलेगी.

देश और समाज के विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका
महिला समिति की अध्यक्ष नीतू साहू ने कहा कि देश और समाज के विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है. इसलिए महिलाओं एवं बेटियों का आत्मनिर्भर होना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने कहा कि यह केंद्र महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें सम्मानजनक आजीविका का अवसर प्रदान करेगा. ग्रामोत्थान फाउंडेशन करंजो के अध्यक्ष पवन संथालिया ने कहा, कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से इस केंद्र की स्थापना की गई है. गांव की महिलाओं में अपार प्रतिभा है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित प्रशिक्षण और मंच उपलब्ध कराने की है. यह केंद्र रोजगार के साथ-साथ स्थानीय हस्तशिल्प और पारंपरिक बुनाई कला को नई पहचान दिलाने का कार्य करेगा.
उत्पादन केंद्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में निभाएगा महत्वपूर्ण भूमिका
उपाध्यक्ष मनोज जिंदल ने कहा कि हथकरघा प्रशिक्षण एवं उत्पादन केंद्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. यहां प्रशिक्षण के साथ उत्पादन कार्य भी होगा, जिससे महिलाओं की आय में वृद्धि होगी और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी.
भाजपा जिला महामंत्री तीरथ जामुदा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा, कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन समय की आवश्यकता है. यह केंद्र स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करने के साथ-साथ युवाओं और महिलाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बनेगा. कार्यक्रम का संचालन जीआरसी प्रभारी प्रकाश महतो ने किया. इस दौरान अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान पवन संथालिया और मनोज जिंदल द्वारा किया गया.
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि हथकरघा प्रशिक्षण एवं उत्पादन केंद्र क्षेत्र की महिलाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता का नया केंद्र बनेगा. कार्यक्रम में ग्रामोत्थान फाउंडेशन करंजो के अध्यक्ष पवन सोंथालिया, महिला मोर्चा अध्यक्ष नीतू सिंह, मनोज जिंदल, मुखिया कुश पूर्ती, भाजपा जिला महामंत्री तीरथ जामुदा, सीपीपी अभिजीत पांडे, आशुतोष सिंह, शुभा शिंदे, मोनिका दीदी, मंजू संथालिया, श्वेता सिंह, मंडल अध्यक्ष सुशांत मंडल, आदित्य प्रताप महतो, मुकेश महतो, शिल्पा मिश्रा, संतोष महतो, नामनामी गगराई सहित केंद्र के सभी कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग में मुहर्रम पर सुरक्षा सख्त: CCR कंट्रोल रूम से डीसी-एसपी ने संभाली कमान, शहर में निकला फ्लैग मार्च


