Dhanbad: जिले के धनसार थाना क्षेत्र स्थित टोयोटा शोरूम से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां शोरूम के एक कर्मचारी के साथ कथित रूप से गाली-गलौज, धक्का-मुक्की, जातिसूचक टिप्पणी करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है. घटना को लेकर शोरूम के कर्मचारी रंगलाल मंडल ने गांधी रोड (पुराना बाजार) निवासी अमित भगवानी के खिलाफ धनसार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, जनवरी 2026 में अमित भगवानी ने अपनी पुरानी गाड़ी एक्सचेंज कर शोरूम से नई गाड़ी खरीदी थी. इस एक्सचेंज प्रक्रिया के दौरान पुरानी गाड़ी के दस्तावेजों (Documents) में कुछ कमियां पाई गई थीं. शोरूम प्रबंधन पिछले छह महीनों से पुरानी गाड़ी के बकाया टैक्स का भुगतान कराने का प्रयास कर रहा था, ताकि उस वाहन को आगे बेचने की प्रक्रिया पूरी की जा सके.

शोरूम बुलाने पर भड़क उठे आरोपी
आरोप है कि इसी सिलसिले में कर्मचारी रंगलाल मंडल ने अमित भगवानी को आवश्यक दस्तावेजों के साथ शोरूम आने के लिए कहा था. इसके बाद दोपहर करीब 3:00 बजे अमित भगवानी शोरूम पहुंचे और आते ही कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार करने लगे.
शिकायत के मुख्य बिंदु
आरोपी ने कर्मचारी के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की. बातचीत के दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया गया. कर्मचारी को घसीटते हुए शोरूम से बाहर ले जाने की कोशिश की गई.
सीसीटीवी में कैद हुई घटना, पुलिस जांच में जुटी
जब शोरूम में हंगामा बढ़ा, तो मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को संभाला और बीच-बचाव किया. घटना के बाद पीड़ित कर्मचारी रंगलाल मंडल ने सीधे धनसार थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में मारपीट, जातिसूचक सूचक शब्दों का इस्तेमाल और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शोरूम में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है.


