Saraikela: जिला उपायुक्त नितिश कुमार के निर्देश पर जिला खनन विभाग और गम्हरिया अंचल कार्यालय ने गुरुवार को आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सापड़ा बालू घाट में अवैध खन-परिवहन के खिलाफ औचक निरीक्षण अभियान चलाया. कार्रवाई में एक वाहन जब्त और पाटा टोल प्लाजा पर 5 वाहनों से ₹23 हजार जुर्माना वसूला गया. निरीक्षण के दौरान किसी भी बालू घाट पर अवैध उत्खन संचालित नहीं पाया गया, लेकिन जांच में वाहन संख्या JH05AG2259 बिना वैध परिवहन चालान के बालू खनिज का परिवहन करता मिला. वाहन को विधिवत जब्त कर सुरक्षार्थ, आदित्यपुर थाना को सुपुर्द कर दिया गया है, जिसके बाद जिला खनन विभाग द्वारा अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है.
पाटा टोल पर तिरपाल-ओवरलोडिंग की सघन जांच
इसके बाद अपराह्न करीब 4 बजे मोटरयान निरीक्षक के नेतृत्व में जिला खनन विभाग और संबंधित अधिकारियों ने पाटा टोल प्लाजा पर संयुक्त जांच अभियान चलाया. खनिज लदे वाहनों में तिरपाल की अनिवार्यता, ओवरलोडिंग और वैध परिवहन कागजातों की गहन जांच की गई. जांच में विभिन्न अनियमितताओं पर मोटरयान निरीक्षक ने 5 वाहनों से कुल ₹23,000 का जुर्माना मौके पर वसूला.

किसी भी तरह की लापरवाही नहीं की जाएगी बर्दाश्त
उपायुक्त नितिश कुमार ने स्पष्ट किया कि जिले में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी. अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संयुक्त जांच और प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रहेगा. बता दें, 24 जून को खनन टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन-परिवहन पर सख्ती और नियमित जांच के निर्देश दिए गए थे. उसके अगले ही दिन प्रशासन की यह पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है.


