Chaibasa : चक्रधरपुर प्रखंड के बाईपी पंचायत अंतर्गत हिजिया गांव में शुक्रवार को पारंपरिक छऊ नृत्य कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ आसपास के गांवों से भी लोग पहुंचे और देर रात तक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झामुमो प्रखंड अध्यक्ष एवं चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि छऊ नृत्य ग्रामीण संस्कृति और परंपरा की अमूल्य धरोहर है.
छऊ नृत्य कार्यक्रम में कलाकारों का शानदार प्रदर्शन
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छऊ नृत्य केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्व-त्योहार की तरह उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है. इसमें बड़ी संख्या में कलाकार भाग लेते हैं और आसपास के गांवों से भी लोग मेले और कार्यक्रम का आनंद लेने पहुंचते हैं. उन्होंने आश्वासन दिया कि छऊ कलाकारों और समितियों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा. साथ ही छऊ कला के संरक्षण और संवर्धन के लिए गांवों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा. कार्यक्रम में गांव की ऊपर टोली और नीचे टोली के कलाकारों ने शानदार छऊ नृत्य प्रस्तुत किया. कलाकारों ने राधा-कृष्ण, गणेश वंदना, आरती, वनदेवी तथा महिषासुर वध जैसी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक मुखौटों और दमदार प्रस्तुति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया. इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि पीरु हेंब्रम, जिला परिषद सदस्य मीना जोंको, मुखिया पिंकी जोंको, प्रदीप महतो, हेमंत पोद्दार सहित समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.

Also Read : रांची के सभी स्कूल 27 जून को बंद, जिला प्रशासन ने जारी किया आदेश


