Simdega : बानो प्रखंड अंतर्गत बांकी पंचायत के भुरसाबेड़ा गांव में शनिवार शाम वज्रपात की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान भुरसाबेड़ा रामजोल निवासी विश्वनाथ सिंह के रूप में हुई है. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब सात बजे क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हुई. बारिश से बचने के लिए विश्वनाथ सिंह पास में बने पुआल के माचा के नीचे चले गए. इसी दौरान अचानक वज्रपात हुआ. जिसकी चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वज्रपात की वजह से पुआल के माचा में आग लग गई. जिससे वह पूरी तरह जलकर राख हो गया.
ग्रामीणों ने बीडीओ और पुलिस को दी जानकारी
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने जिला परिषद सदस्य सह झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य बिरजो कंडुलना को जानकारी दी. इसके बाद उन्होंने बानो थाना पुलिस और प्रखंड विकास पदाधिकारी को घटना की सूचना दी. वहीं, बानो रौतिया समाज के प्रखंड अध्यक्ष महेश सिंह भी शोक संतप्त परिवार के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. पुलिस एवं प्रशासन आगे की आवश्यक कार्रवाई में जुटा है.



