Jamtara : जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. संयुक्त अभियान के तहत कोर्ट रोड स्थित विधायक आवास के समीप से अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर और गिट्टी से भरा एक हाईवा जब्त किया गया. यह कार्रवाई जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो और माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार की मौजूदगी में देर रात चलाया गया. विशेष जांच अभियान के क्रम में संबंधित वाहन चालकों और मालिकों से बालू और गिट्टी के परिवहन से संबंधित वैध चालान, ई-वे बिल और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की मांग की गयी. लेकिन वाहन चालाकों के पास आवश्यक कागजात उपलब्ध नहीं थे. इसके बाद तीनों वाहनों को जब्त कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई.
बगैर वैध दस्तावेज के परिचालन नहीं होगा
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और बिना वैध दस्तावेजों के खनिजों के परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे मामलों में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ खनन अधिनियम एवं अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू खनन और खनिज परिवहन में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है.



