Chaibasa: कोल्हान रक्षा संघ के संस्थापक महासचिव स्व. के.सी. हेंब्रम की 10वीं पुण्यतिथि के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो प्रखंड अंतर्गत टेंनसेरा गांव में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता कोल्हान रक्षा संघ के अध्यक्ष डिबार जोंको ने की.श्रद्धांजलि सभा में कोल्हान क्षेत्र के हजारों लोगों ने स्व. के.सी. हेंब्रम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके सामाजिक, सांस्कृतिक और जनजातीय अधिकारों की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष को याद किया. कार्यक्रम के दौरान स्व. के.सी. हेंब्रम के परिवार के सदस्यों को अंगवस्त्र एवं टी-शर्ट भेंट कर सम्मानित किया गया.
हजारों लोगों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
कोल्हान रक्षा संघ के अध्यक्ष डिबार जोंको ने कहा, “स्व. के.सी. हेंब्रम ने कोल्हान के जल, जंगल, जमीन और आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया. उनके संघर्ष और विचार आज भी संगठन के लिए प्रेरणास्रोत हैं. हम उनके बताए मार्ग पर चलकर कोल्हान के हितों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे.”

Read Also: वेनेजुएला और पाकिस्तान के बाद जापान में भूकंप के झटके, 6.1 तीव्रता
जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए समर्पित था उनका जीवन
मानसिंह हेंब्रम ने कहा, “स्व. के.सी. हेंब्रम केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि कोल्हान की अस्मिता और स्वाभिमान के प्रतीक थे. नई पीढ़ी को उनके संघर्ष, त्याग और सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर समाज के विकास और अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आना चाहिए. रविंद्र मंडल ने अपने संबोधन में कहा, “स्व. के.सी. हेंब्रम ने समाज को एकजुट करने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का कार्य किया. उनका जीवन समाज सेवा, संघर्ष और समर्पण का आदर्श उदाहरण है. उनके अधूरे सपनों को पूरा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.श्रद्धांजलि सभा के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्व. के.सी. हेंब्रम के आदर्शों पर चलने तथा कोल्हान क्षेत्र के सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया.
कौन- कौन लोग रहें मौजूद
इस अवसर पर प्रमुख रूप से डिबार जोंको, मानसिंह हेंब्रम, धनपति सरदार, पूनम हेंब्रम, सुमित्रा जोंको, शिवनंदन किस्कू, रथू गगराय, नूनाराम माझी, चंद्र मोहन चाँतुबा, वीर सिंह लागूरी, मानसिंह केराई, टूरा केराई, सरस्वती हेंब्रम (सुपुत्री स्व. के.सी. हेंब्रम), उनकी धर्मपत्नी बेलमती हेंब्रम, सुखदेव हेंब्रम, पूर्व विधायक अनंत राम टुडू, रविंद्र मंडल, लक्ष्मण मंडल, सागू चरण हेंब्रम, लितेश्वर हेंब्रम, जानकी हेंसा, जानकी हेंब्रम, मरम सिंह, मंगल सिंह लागूरी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे.


