Chatra : जिला में रविवार से तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हुई.सदर अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. सत्येंद्र प्रसाद सिन्हा ने एक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरूआत की. अभियान के तहत पहले दिन जिले के विभिन्न पोलियो बूथों पर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है. वहीं अगले दो दिनों तक स्वास्थय कर्मी घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलायेंगे.
बच्चों को सुरक्षित रखना जरूरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. सत्येंद्र प्रसाद सिन्हा ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक अपने बच्चों को निर्धारित खुराक जरूर पिलायें. अभियान की सफलता के लिए स्वास्थय विभाग की पूरी टीम लगातार कार्य कर रही है. मौके पर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. पंकज कुमार ने भी लोगों को जागरूक किया. उन्होंने कहा कि स्वस्थ भारत का सपना तभी साकार होगा, जब स्वस्थ समाज का निर्माण होगा. उन्होंने जिलावासियों से अपील की कि सभी अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और अभियान को सफल बनाएं. इस दौरान स्वास्थय विभाग के डॉ रमेश कुमार, डॉ आशुतोष कुमार, डीपी रंजीत सिंह, डीपीएम संगीता एका बाला समेत अन्य मौजूद रहे.

ALSO READ : तेलंगाना में IAS के गढ़ में IPS की एंट्री, IPS शिखा गोयल गृह सचिव नियुक्त


