News Wave Desk: रिश्ता बनाना आसान नहीं होता, लेकिन कई बार उससे भी ज्यादा मुश्किल होता है उसे सम्मान और समझदारी के साथ खत्म करना. इसी जरूरत को देखते हुए ऑनलाइन डेटिंग प्लेटफॉर्म Dating.com ने एक अनोखी नौकरी की घोषणा की है. कंपनी अपने पहले Chief Breakup Officer (CBO) की नियुक्ति करने जा रही है. यह पार्ट-टाइम पद है, जिसके लिए हर महीने 3,000 अमेरिकी डॉलर, यानी करीब 2.8 लाख रुपये तक का भुगतान किया जाएगा. कंपनी के मुताबिक, इस पद का उद्देश्य लोगों को रिश्तों को परिपक्व और सम्मानजनक तरीके से समाप्त करने में मदद करना है, ताकि किसी भी पक्ष को अनावश्यक भावनात्मक तकलीफ न हो.
क्या होगी जिम्मेदारी?
Chief Breakup Officer का काम केवल किसी का ब्रेकअप करवाना नहीं होगा, बल्कि हर रिश्ते की परिस्थिति को समझते हुए सही तरीका अपनाना भी होगा. जरूरत पड़ने पर उम्मीदवार को किसी व्यक्ति की ओर से ब्रेकअप कॉल करनी होगी, बातचीत के लिए सही शब्दों और लहजे का चयन करना होगा और हर मामले का आकलन करना होगा कि स्थिति सामान्य है, जटिल है या बेहद संवेदनशील. पूरी प्रक्रिया के दौरान दोनों पक्षों की भावनाओं का सम्मान बनाए रखना भी इस भूमिका का अहम हिस्सा होगा.

कौन कर सकता है आवेदन?
Dating.com ने इस पद के लिए कुछ रोचक योग्यताएं भी तय की हैं. कंपनी ऐसे व्यक्ति की तलाश में है, जिसे रिश्तों की अच्छी समझ हो और जो भावनात्मक दबाव में भी शांत रहकर फैसले ले सके. उम्मीदवार के पास कम से कम तीन ब्रेकअप का व्यक्तिगत अनुभव होना चाहिए. साथ ही, उसके दोस्त अक्सर रिश्तों से जुड़ी सलाह लेने आते हों. उम्मीदवार को Relationship, Situationship और “It’s Complicated” जैसी रिलेशनशिप स्थितियों के बीच का अंतर भी अच्छी तरह समझना चाहिए.
कैसे होगा चयन?
इस पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को अपने जीवन के सबसे बेहतर तरीके से किए गए ब्रेकअप का अनुभव साझा करना होगा. उन्हें बताना होगा कि रिश्ता कैसे खत्म हुआ, उन्होंने सामने वाले से क्या कहा और उन्हें क्यों लगता है कि उन्होंने उस स्थिति को सबसे बेहतर ढंग से संभाला. इसके अलावा, एक छोटा-सा Motivation Letter भी देना होगा, जिसमें यह बताना होगा कि वे इस अनोखी भूमिका के लिए सबसे उपयुक्त उम्मीदवार क्यों हैं.


