Hazaribagh: बरही थाना क्षेत्र के करियातपुर से एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई है. घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है. परिजनों ने बरही थाना में सनहा दर्ज कराते हुए पुलिस से सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है. जानकारी के अनुसार, करियातपुर निवासी पार्वती देवी के पति नारायण रविदास केरल में पोकलेन मशीन चलाने का काम करते हैं. पति के बाहर रहने के कारण पार्वती देवी अपनी सास शांति देवी के साथ ससुराल में रहती थीं. 24 जून की सुबह करीब छह बजे उन्होंने अपनी सास को बताया, कि उनकी मां ने स्वास्थ्य जांच के लिए मायके चिगलाबर (कोडरमा) बुलाया है. इसके बाद वह अपने तीनों बच्चों बादल कुमार (13), अनूप कुमार (14) और प्रशांत कुमार (4) को साथ लेकर घर से निकल गईं.
महिला का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ
हालांकि, बाद में परिजनों को पता चला कि वह अपने मायके नहीं पहुंचीं हैं. इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी. महिला का मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ आ रहा है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है. इस संबंध में महिला की सास शांति देवी ने बरही थाना में सनहा दर्ज कराया है, जिसमें महिला और बच्चों का हुलिया भी दिया गया है.

महिला एवं उसके बच्चों की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया, कि मामले में सनहा दर्ज कर लिया गया है. महिला एवं उसके बच्चों की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है. मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने के लिए तकनीकी सेल की मदद ली जा रही है, साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी छानबीन की जा रही है. पुलिस ने शीघ्र बरामदगी का भरोसा दिलाया है.
यह भी पढ़ें: सिमडेगा: डालसा ने मानसिक एवं बौद्धिक दिव्यांगजनों के लिए आयोजित किया जागरूकता शिविर


