Hazaribagh: मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 अभियान की शुरुआत 30 जून से होगी. इसे लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई. उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कराया जाएगा. इसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र नामों को हटाकर सूची को अधिक सटीक बनाना है.
30 जून से बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र करेंगे वितरित
उपायुक्त ने बताया कि 20 से 29 जून तक तैयारी, प्रशिक्षण और आवश्यक सामग्री की छपाई का कार्य पूरा किया जा चुका है. इसके बाद 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे और भरे हुए प्रपत्र एकत्र करेंगे. इसी अवधि में मतदान केंद्रों का पुनर्गठन भी किया जाएगा. उपायुक्त के अनुसार 5 अगस्त 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशित किया जाएगा. इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जबकि 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक उनके निस्तारण की प्रक्रिया चलेगी. अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा.

उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की, कि बीएलओ द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले गणना प्रपत्र को सही जानकारी एवं हस्ताक्षर के साथ समय पर जमा करें. यदि किसी का नाम सूची में छूट गया हो या किसी प्रकार की त्रुटि हो, तो निर्धारित अवधि के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज कर उसका समाधान कराया जा सकता है.
मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला- उपायुक्त
उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है, इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाए. उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से भी अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक करने का आग्रह किया.
प्रेस वार्ता में सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय, उप निर्वाचन पदाधिकारी वेदवंती कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार सहित विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी की दो टूक- ‘झारखंड को रिम्स-2 और एम्स का अधिकार, केंद्र करे पूरा’


