Bokaro: भाजपा के बालीडीह दक्षिणी मंडल अध्यक्ष अविनाश सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को शक्तिकेंद्र प्रभारियों एवं मंडल पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा बोकारो जिला प्रभारी सतनारायण सिंह उपस्थित रहे. पूर्व विधायक विरंची नारायण ने भी बैठक में शामिल होकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया. प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं. उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ और प्रत्येक शक्तिकेंद्र को मजबूत बनाना ही संगठन की प्राथमिकता है. कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी होगी. उन्होंने कहा कि जनता के बीच लगातार संवाद, सेवा कार्य और संगठनात्मक सक्रियता ही भाजपा की सबसे बड़ी पहचान है.
यह भी पढ़ें: देश-विदेश तक झारखंड टूरिज्म को पहुंचाएंगे 110 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर

भाजपा राष्ट्रसेवा करने का वाली पार्टी
पूर्व विधायक विरंची नारायण ने कहा कि भाजपा अनुशासन, राष्ट्रसेवा और संगठनात्मक मजबूती के सिद्धांतों पर कार्य करने वाला दल है. उन्होंने कहा कि बूथ जितना मजबूत होगा, संगठन उतना ही सशक्त होगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से युवाओं, महिलाओं एवं नए सदस्यों को संगठन से जोड़ने, नियमित बैठकें आयोजित करने तथा जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव उपलब्ध रहना चाहिए. जिला प्रभारी सतनारायण सिंह ने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए मंडल एवं शक्तिकेंद्र स्तर पर पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी संगठन द्वारा दिए गए दायित्वों का समयबद्ध एवं जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें. मंडल अध्यक्ष अविनाश सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि बालीडीह दक्षिणी मंडल के कार्यकर्ता संगठन के प्रत्येक अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे. उन्होंने कहा कि आगामी कार्यक्रमों को लेकर मंडल स्तर पर व्यापक तैयारी की जा रही है. बैठक में राम विनय ठाकुर, नीरज साह, मुकेश चौधरी, रेशु सिन्हा, मुकुंद नायक, कुणाल किशोर शर्मा, रीना एक्का, विमल कुमार कौशल, सुदाम महतो, मिंटू चकबत्ती, राहुल वर्मा, उत्तम नियोगी, शुभम सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर : पुलिस वैन से खींचकर युवक को उतारा मौत के घाट, TMH में हिमांशु ने तोड़ा दम


