Hazaribagh : झारखंड में इन दिनों जिस आम की सबसे ज्यादा चर्चा है, अब उसी आम पर चोरों की भी नजर पड़ गई है. दुनिया की सबसे महंगी किस्मों के आम में शामिल जापानी मियांजाकी आम की चोरी का मामला सामने आया है. बड़कागांव के किसान प्रवीण कुमार के बगीचे से अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में 5 मियांजाकी आम तोड़कर फरार हो गए. हैरानी की बात यह है कि इन पांच आमों का कुल वजन करीब डेढ़ किलो था, लेकिन बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है.
पहली बार आए थे फल, पकने से पहले ही हो गए गायब
प्रवीण कुमार ने बताया कि उन्होंने एक साल पहले पश्चिम बंगाल से 2,400 रुपये में मियांजाकी आम के दो पौधे खरीदे थे. लंबे इंतजार और मेहनत के बाद इस बार पहली बार पेड़ों पर फल आए थे. किसान रोज उनकी निगरानी कर रहे थे, लेकिन बीती रात किसी समय अज्ञात चोर पांच आम तोड़कर ले गए. जब पेड़ पर नजर पड़ी तो आम गायब थे.

आखिर क्यों इतनी महंगी है यह आम
मियांजाकी आम जापान की एक बेहद दुर्लभ और प्रीमियम किस्म की आम है. इसका रंग गहरा लाल-बैंगनी होता है और स्वाद सामान्य आमों से अलग, बेहद मीठा व सुगंधित माना जाता है. किसान के अनुसार, इसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 3 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच जाती है. यही वजह है कि इसे दुनिया की सबसे महंगी आम भी कहा जाता है.
झारखंड में बढ़ रहा क्रेज, अब चोर भी हुए आकर्षित
पिछले कुछ दिनों से झारखंड में मियांजाकी आम लगातार सुर्खियों में है. कहीं इसकी खेती की चर्चा हो रही है तो कहीं इसकी कीमत लोगों को चौंका रही है. लेकिन अब पहली बार इस आम की चोरी की घटना ने सनसनी फैला दी है. इलाके में लोग कह रहे हैं कि अब सिर्फ नकदी और जेवर ही नहीं, बल्कि लाखों के आम भी सुरक्षित नहीं हैं. इस अनोखी चोरी के बाद किसान ने बगीचे की निगरानी और कड़ी कर दी है. वहीं, यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
ALSO READ : झारखंड पुलिस : CID की पहल पर अब सभी 24 जिलों में ‘मिशन वात्सल्य पोर्टल’ से होगी लापता बच्चों की तलाश


