Bokaro : सोमवार देर शाम चास प्रखंड के कुर्रा क्षेत्र स्थित एक शराब दुकान में छापेमारी की गई. यह कार्रवाई प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) चास डॉ. प्रदीप कुमार के नेतृत्व में की गई. छापेमारी दल में कार्यपालक दंडाधिकारी श्रीमती जया कुमारी सहित अन्य शामिल थे. जांच के दौरान दुकान से 556 एक्सपायरी बियर बरामद हुई. मामले की जानकारी BDO चास द्वारा तत्काल उत्पाद अधीक्षक को दी गई. इसके बाद बरामद सभी एक्सपायरी बियर को जब्त कर लिया गया. मामले में उत्पाद विभाग द्वारा नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है.
उपायुक्त ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
इस पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि एक्सपायरी अथवा अवैध शराब के भंडारण एवं बिक्री के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO), अंचल अधिकारियों (CO), थाना प्रभारियों एवं उत्पाद अधीक्षक को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र में नियमित जांच अभियान चलाकर यह सुनिश्चित करें कि कहीं भी अवैध अथवा एक्सपायरी शराब का भंडारण एवं बिक्री नहीं हो. यदि कहीं भी ऐसी गतिविधियां पाई जाती हैं तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई की जाए.
Also Read : महुआ मोइत्रा ने पीएम पर कसा तंज, कहा – गलत मुहर वाला सर्टिफिकेट मिला और दे आये 500 करोड़ की ग्रांट


