Giridih: जिले के डुमरी विधायक जयराम महतो (Jairam Mahto) मंगलवार को वर्ष 2023 में आयोजित एक जनसभा से जुड़े मामले में पेशी देने गिरिडीह व्यवहार न्यायालय पहुंचे. इस दौरान कोर्ट परिसर में उनके समर्थकों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ जुट गई. विधायक के पहुंचते ही समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके साथ सेल्फी लेने की होड़ मच गई. कुछ देर तक न्यायालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा.
2023 की जनसभा से जुड़ा है मामला
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2023 में बनियाडीह प्ले ग्राउंड में आयोजित एक जनसभा को लेकर प्रशासन द्वारा जयराम महतो समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था. इसी मामले में निर्धारित तिथि पर विधायक न्यायालय में पेश हुए. पेशी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सामान्य रही और न्यायालय की प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हुई.

अधिवक्ता ने उठाए मुकदमे पर सवाल
मामले में विधायक की ओर से अधिवक्ता मोहम्मद आबिद अंसारी न्यायालय में पक्ष रख रहे हैं. उन्होंने बताया कि जिस जनसभा को लेकर मुकदमा दर्ज किया गया, उसके आयोजन के लिए प्रशासन से पूर्व में विधिवत अनुमति प्राप्त की गई थी. इसके बावजूद बाद में बिना किसी पूर्व सूचना अथवा नोटिस के विधायक सहित पांच लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर दिया गया, जिसे अदालत में चुनौती दी जा रही है.
अधिवक्ता ने कहा कि अदालत में पूरे तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर विधिसम्मत पैरवी की जा रही है. उनका विश्वास है कि न्यायालय सभी पक्षों पर विचार करते हुए उचित निर्णय देगा. उन्होंने कहा कि कानून और न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है तथा मामले की अगली सुनवाई निर्धारित तिथि पर होगी.
कोर्ट परिसर में दिखी समर्थकों की भीड़
वहीं, कोर्ट परिसर में जयराम महतो की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे. कई लोगों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उनका अभिवादन किया. समर्थकों की मौजूदगी के कारण कुछ समय तक न्यायालय परिसर में चहल-पहल का माहौल बना रहा, हालांकि न्यायालय की कार्यवाही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जारी रही.


