हजारीबाग: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा लंबे समय से आयोजित नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों ने हजारीबाग में जोरदार प्रदर्शन किया. गुस्साए छात्रों ने जिला परिषद चौक पर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकार का पुतला दहन किया और जल्द से जल्द परीक्षा कराने की मांग की.

लाखों बेरोजगार युवा कर रहे परीक्षा का इंतजार
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि झारखंड में लाखों पढ़े-लिखे बेरोजगार युवा कई वर्षों से जेटेट परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के सदस्य जीवन कुमार ने बताया कि राज्य के 25 वर्षों के इतिहास में अब तक यह परीक्षा सिर्फ दो बार ही हुई है. पहली बार वर्ष 2013 में और दूसरी बार 2016 में जेटेट परीक्षा आयोजित की गई थी. इसके बाद से अब तक परीक्षा नहीं कराई गई है.
Also Read: बोकारो में गैंगस्टर प्रिंस खान ने BMW कंपनी के सुरेश सिंह को दी धमकी, कहा- ‘खोल देंगे खोपड़ी’
2024 में भरे गए थे 3.5 लाख आवेदन
उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में सरकार ने जेटेट के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की थी. उस समय करीब 3.5 लाख अभ्यर्थियों ने फॉर्म भरा था. लेकिन बाद में नियमावली रद्द कर दी गई, जिससे अभ्यर्थियों में काफी नाराजगी है.
हाईकोर्ट ने भी जताई नाराजगी
अभ्यर्थी रविंद्र कुमार पासवान ने कहा कि इस मामले में झारखंड हाई कोर्ट ने भी नाराजगी जताई है और इसे गंभीर लापरवाही बताया है. अदालत ने राज्य सरकार को निर्देश दिया था कि 31 मार्च 2026 तक हर हाल में जेटेट परीक्षा आयोजित कराई जाए. इसके बावजूद अभी तक सरकार की ओर से कोई स्पष्ट कदम नहीं उठाया गया है.
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द ही जेटेट परीक्षा की तिथि घोषित नहीं करती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर आगामी विधानसभा सत्र के दौरान राज्य स्तर पर भी आंदोलन किया जाएगा.
कई अभ्यर्थी रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन में जीवन कुमार, रविंद्र कुमार, राधे मेहता, विक्रम कुमार, मिथिलेश कुमार, देव कुमार समेत दर्जनों अभ्यर्थी मौजूद रहे.

