Chaibasa: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत अनुमंडल पदाधिकारी, पोड़ाहाट सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ), 56-चक्रधरपुर (अनुसूचित जनजाति) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र ने मंगलवार को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया.
सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदाता गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. इसके बाद प्रखंड कार्यालय, चक्रधरपुर स्थित नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) का निरीक्षण कर वहां प्रतिनियुक्त ऑपरेटरों के कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के समयबद्ध और सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए.

मतदाताओं का सहयोग आवश्यक
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने 56-चक्रधरपुर (अनुसूचित जनजाति) विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे अपने-अपने बीएलओ से गणना प्रपत्र प्राप्त करें, उसे सावधानीपूर्वक भरें तथा उस पर रंगीन पासपोर्ट आकार का फोटो और हस्ताक्षर संलग्न कर यथाशीघ्र अपने बीएलओ को जमा करें. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा करने में सभी मतदाताओं का सहयोग आवश्यक है.
AlsoRead:RIMS लैंड स्कैम- लवली की अग्रिम बेल पर कोर्ट ने फिर मांगी ACB से डायरी


