Jamtara: नारायणपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर–साहेबगंज नेशनल हाईवे पर कोरिडीह वन गांव के समीप मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर हाईवे जाम कर दिया. करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. बाद में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के हस्तक्षेप और प्रशासन के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया.
तेज रफ्तार पिकअप वैन ने बाइक को मारी टक्कर
मृतकों की पहचान बुटबेरिया गांव निवासी इरशाद अंसारी (22) और मुर्शरफ अंसारी (24) के रूप में हुई है. बताया गया कि दोनों युवक मोटरसाइकिल से जामताड़ा से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान कोरिडीह वन गांव के पास मछली लेकर जा रही तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. सूचना पर नारायणपुर थाना पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को जब्त कर लिया है, जबकि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. मामले की जांच की जा रही है.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री
सूचना मिलने पर झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी भी घटनास्थल पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी और आक्रोशित ग्रामीणों से लंबी वार्ता की. मंत्री ने कहा कि मुआवजा किसी अपने की कमी को पूरा नहीं कर सकता, इसलिए सड़क सुरक्षा के प्रति सभी को गंभीर होना होगा. उन्होंने अभिभावकों से अपील की, कि बच्चों को बाइक देने से पहले हेलमेट जरूर दें और तेज रफ्तार से वाहन चलाने से रोकें. उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा भी दिया. मंत्री की पहल और प्रशासन के साथ हुई वार्ता के बाद करीब तीन घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया और हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका.
कई प्रशासनिक पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
मौके पर बीडीओ कमलेश कुमार दास, सीओ देवराज गुप्ता, थाना प्रभारी मुराद हसन, सर्किल इंस्पेक्टर रवींद्रनाथ यादव सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे और स्थिति को सामान्य कराने में जुटे रहे. हादसे के बाद बुटबेरिया गांव में मातम पसरा है. दोनों युवकों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह भी पढ़ें: कोडरमा: आवंटन के बावजूद आउटसोर्सिंग कर्मियों को मानदेय भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों में रोष


