Bokaro: बोकारो के चास मुख्य सड़क के समीप करंट की चपेट में आने से 28 वर्षीय विशाल कुमार नामक बुरी तरह झुलस गया. उसे गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना चास थाना क्षेत्र के दास टोला जाने वाली गली की है. घटना की सूचना पाकर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और घटना से आक्रोशित होकर हंगामा करने लगे. सड़क जाम कर दिया. मौके पर मौजूद पुलिस ने समझा-बुझाकर और जाम हटवाया. जानकारी अनुसार, बोकारो के चास थाना क्षेत्र के चास स्थित मुख्य सड़क पर दास मोहल्ला गली तरफ जानेवाली सड़क पर बिजली का एक नंगा तार लटक रहा था, जो 11 हजार वोल्ट के तार के संपर्क में था. जहां बारिश के चलते पूरे सड़क पर पानी पसरा हुआ था. इसी दौरान विशाल कुमार कुछ सामान लाने के लिए घर से निकला. वह बिजली के झूलते हुए तार की चपेट में आ गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक तड़पने लगा और नाक और मुंह से खून बहने लगा. मौजूद दुकानदारों ने बिजली विभाग को सूचना दी. बिजली काटने के बाद उसे छुड़ाया गया. उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए नजदीकी अस्पताल केएम मेमोरियल में भर्ती कराया गया है.
यह भी पढ़ें: सेवानिवृत्ति के दिन ही IAS प्रदीप कुमार गिरफ्तार, 169 करोड़ की हेराफेरी का आरोप

दुकानदार पर लापरवाही का आरोप, हंगामा
इधर, परिजन और स्थानीय लोगों ने एक दुकानदार को इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया. आरोप लगाया कि झूलता हुआ तार उसके दुकान का है. जिसे हटाने के लिए कई दिनों से बोला गया था. लेकिन तार नहीं हटाया गया. परिजनों ने आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार करने और घायल युवक का इलाज कराने की मांग करने लगे. साथ-साथ बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया. जमकर हंगामा किया और सड़क जाम कर दिया. इस दौरान मौके पर चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को न्याय दिलाने के आश्वासन के साथ समझा बुझाकर जाम हटाया गया. जिसके बाद मामला शांत हुआ.
दुकानदार ने आरोप से किया इनकार
वहीं, दुकानदार ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि ये तार मेरा नहीं है. ये झूल रहा था और इसी के चपेट में आ गया. हम छुड़ाने के लिए पहुंचे थे. वहीं परिजनों ने दुकानदार को घेरकर CCTV फुटेज की जांच करने की मांग पुलिस से कर रहे थे. मौके पर मौजूद चास थाना पुलिस ने कहा कि युवक 11 हजार बिजली के तार की चपेट में आया है. जांच जारी है और बिजली विभाग की भी लापरवाही इस घटना से सामने आई है.
यह भी पढ़ें: खूंटी उपकारा में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश का औचक निरीक्षण, लीगल क्लिनिक से किचन तक की जांच


