Palamu : जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राकेश रंजन ने पीएलवी (पारा लीगल वालंटियर) PLV के साथ एक ऑनलाइन बैठक की. इस बैठक में उन्होंने सभी पीएलवी को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर आम लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, लोक अदालत और विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करें. उन्होंने कहा कि पीएलवी PLV गांवों का दौरा कर बाल विवाह, मानव तस्करी, नशा उन्मूलन, डायन बिसाही जैसी कुप्रथाओं और पीड़ित प्रतिकर अधिनियम के बारे में लोगों को जानकारी दें. इसके साथ ही उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि बरसात के मौसम में ठनका (वज्रपात), विषैले जीव-जंतुओं के काटने या सड़क दुर्घटना से होने वाली आकस्मिक मृत्यु पर अंचल कार्यालय से मिलने वाली सरकारी सहायता राशि के बारे में भी ग्रामीणों को बताएं. जिससे पीड़ित परिवारों को लाभ मिल सके. बैठक के दौरान सचिव ने पीएलवी के दैनिक कार्यों की रिपोर्ट ली और उन्हें और भी बेहतर ढंग से कार्य करने के लिए प्रेरित किया.
पीएलवी सेवा भाव के साथ करें काम
बैठक में मौजूद एलएडीसी LADC के चीफ अमिताभ चन्द्र सिंह ने कहा कि पीएलवी का मुख्य कार्य जरूरतमंदों, असहायों और बुजुर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सही तरीके से पहुंचाना है. वहीं, एलएडीसी LADC के डिप्टी चीफ संतोष कुमार पांडेय ने कहा कि पीएलवी PLV को पूरी तरह सेवा भाव से काम करने की आवश्यकता है, क्योंकि उनकी नियुक्ति ही थाना व पंचायतों में गरीब-गुरबों की मदद के लिए की गई है. उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरल तरीके से न्याय पहुंचना चाहिए और कोई भी गरीब लाचार व्यक्ति न्याय से वंचित नहीं रहना चाहिए.

सरकारी योजनाओं की जानकारी दें
उन्होंने पीएलवी PLV से जेल में बंद लोगों के परिजनों से मिलकर उन्हें सरकारी सहायता दिलाने और छोटे-मोटे विवादों को आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से निपटाने के लिए प्रेरित करने को कहा. इसके अलावा वृद्धावस्था पेंशन, पारिवारिक लाभ, प्रधानमंत्री आवास और स्पॉन्सरशिप जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने पर बल दिया गया. इस ऑनलाइन बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों के पीएलवी मुख्य रूप से जुड़े रहे.
ALSO READ : पारदर्शिता और जनहित के मूल्यों के साथ करें दायित्वों का निर्वहनः CM


