JAMTARA: साइबर थाना पुलिस ने एटीएम कार्ड की केवाईसी अपडेट कराने और PhonePe पर ₹999 कैशबैक का लालच देकर लोगों से ठगी करने वाले दो साइबर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दोनों के कब्जे से छह मोबाइल फोन, सात सिम कार्ड तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है.
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की बड़ी कार्यवाही
साइबर डीएसपी अमित रविदास ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ साइबर अपराधी अलग-अलग स्थानों पर बैठकर लोगों को फोन कर ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं. सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल सहित अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया.

टीम ने पहले ताराबहाल से नावाडीह जाने वाली सड़क स्थित कुटू मंडल के घर में छापेमारी कर रईस अंसारी को गिरफ्तार किया. पूछताछ में पता चला कि वह एटीएम कार्ड का केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर लोगों से बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर ठगी करता था.
इसके बाद पुलिस ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के तारासठिया जंगल के समीप छापेमारी कर दूसरे आरोपी अहमद अंसारी को गिरफ्तार किया. जांच में सामने आया कि वह लोगों को फोन पे पर ₹999 कैशबैक मिलने का झांसा देकर उन्हें फर्जी लिंक और ओटीपी के माध्यम से ठगी का शिकार बनाता था.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन, सात सिम कार्ड और एक मोटरसाइकिल जब्त की. दोनों के विरुद्ध साइबर थाना में संबंधित धाराओं के तहत कांड दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है.
साइबर डीएसपी ने लोगों से अपील की कि बैंक केवाईसी, कैशबैक, इनाम या किसी भी प्रकार के ऑफर के नाम पर आने वाले फोन कॉल, लिंक और ओटीपी साझा करने से बचें. किसी भी संदिग्ध कॉल या साइबर ठगी की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम साइबर थाना को दें.
ALSO READ:रांची: सिरमटोली फ्लाईओवर के कनेक्टिंग ब्रिज का निर्माण शुरू, दुकानदारों ने जताया विरोध


