Palamu: पलामू जिले के पड़वा प्रखंड अंतर्गत सिक्का गांव में बीते दिनों एक ही परिवार के पांच लोगों की जान लेने वाली रहस्यमयी बीमारी की असली वजह अब सामने आ गई है. स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा टीम की जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि पीड़ित परिवार जिस सरसों तेल का इस्तेमाल कर रहा था, उसमें Argemone mexicana के तेल की मिलावट थी.
जांच रिपोर्ट में पीला धतूरा तेल मिलने की पुष्टि
Argemone mexicana एक बेहद जहरीला और कांटेदार खरपतवार है, जिसे पलामू और आसपास के इलाकों में स्थानीय लोग कटैला या पीला धतूरा के नाम से जानते हैं. फूड टेस्टिंग लैबोरेट्री, रांची द्वारा पलामू स्वास्थ्य विभाग को भेजी गई जांच रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई है कि सरसों तेल में इसी पीले धतूरे के तेल की मिलावट की गई थी, जो इंसानी स्वास्थ्य के लिए जानलेवा साबित हुआ. इस दुखद घटना ने क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की शुद्धता और मिलावटखोरी को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

ALSO READ: झारखंड: पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में बड़े पैमाने पर फेरबदल, 15 एग्जीक्यूटिव इंजीनियर का तबादला


