Jamtara: जामताड़ा जिले के 12,083 पात्र छात्र-छात्राओं को वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत साइकिल वितरण योजना का लाभ मिलेगा. शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आयोजित जिला स्तरीय साइकिल वितरण, अनुमोदन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई.
सभी मानकों का शत-प्रतिशत होगा पालन
प्रखंड स्तरीय समितियों से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार जिले के विभिन्न प्रखंडों में कक्षा आठवीं में अध्ययनरत अनुसूचित जनजाति (ST), अनुसूचित जाति (SC), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और अल्पसंख्यक वर्ग के कुल 12,083 छात्र-छात्राएं योजना के लिए पात्र पाए गए हैं. इनमें 5,972 छात्र और 6,111 छात्राएं शामिल हैं. उपायुक्त आलोक कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के क्रियान्वयन में पात्रता संबंधी सभी मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि आवेदन सत्यापन की प्रक्रिया विद्यालय के प्रधानाध्यापक से शुरू होकर बीईईओ, बीडब्ल्यूओ, प्रखंड स्तरीय समिति और अंत में जिला स्तरीय समिति तक पहुंचती है. ऐसे में प्रत्येक स्तर पर पूरी पारदर्शिता और निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य है. बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, एपीओ रश्मि एक्का सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.



