Ranchi: रांची नगर निगम की जमीनों के संरक्षण और शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शुक्रवार को भू-संपदा एवं हॉर्टिकल्चर शाखा की समीक्षा बैठक की. बैठक में निगम की जमीनों के म्यूटेशन और शहर में प्रस्तावित ग्रीन पैच विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक में अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम की कुल 630 जमीनों के म्यूटेशन के लिए संबंधित अंचलों में आवेदन किया जा चुका है. इनमें शहर अंचल में 83, अर्गोडा में 127, बरगाई में 179, कांके में 15, नगड़ी में 28, नामकुम में 98 और हेहल अंचल में 100 आवेदन शामिल हैं.
लंबित म्यूटेशन मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित म्यूटेशन मामलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और संबंधित अंचल कार्यालयों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रक्रिया जल्द पूरी कराई जाए. उन्होंने कहा कि निगम की जमीनों का विधिवत म्यूटेशन होने से अतिक्रमण पर रोक लगेगी, परिसंपत्तियां सुरक्षित रहेंगी और विकास योजनाओं को लागू करने में आसानी होगी.

हॉर्टिकल्चर शाखा के कार्यों की भी समीक्षा
बैठक में हॉर्टिकल्चर शाखा के कार्यों की भी समीक्षा की गई. अधिकारियों ने बताया कि शहर के 24 प्रमुख स्थानों पर ग्रीन पैच विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है. इनमें करमटोली चौक, मोराबादी, जवाहर नगर (कांके रोड), खेलगांव, कश्यप आई हॉस्पिटल, कांके रोड समेत कई प्रमुख स्थान शामिल हैं.
नगर आयुक्त ने ग्रीन पैच विकास कार्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने, नियमित निगरानी रखने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य रांची को अधिक हरित, स्वच्छ और आकर्षक शहर बनाना है.
यह भी पढ़ें: जामताड़ा: साइकिल वितरण योजना को हरी झंडी, 12,083 छात्र-छात्राएं होंगे लाभान्वित


