Bokaro: झारखंड सरकार द्वारा झारखंड राज्य समाहरणालय लिपिकीय संवर्ग (भर्ती, प्रोन्नति एवं अन्य सेवा शर्तें) नियमावली-2026 को स्वीकृति दिए जाने के बाद बोकारो में जिला कर्मचारी संघ ने खुशी जताई. शुक्रवार को संघ के प्रतिनिधिमंडल ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त अजय नाथ झा से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और राज्य सरकार के इस फैसले के लिए आभार व्यक्त किया.
कर्मचारियों के हितों की रक्षा होगी
संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि नई नियमावली लागू होने से समाहरणालय लिपिकीय संवर्ग के कर्मचारियों को स्पष्ट सेवा शर्तें, पारदर्शी भर्ती एवं प्रोन्नति व्यवस्था के साथ-साथ बेहतर प्रशासनिक ढांचा मिलेगा. इससे कर्मचारियों के हितों की रक्षा होगी और प्रशासनिक कार्यों में भी अधिक दक्षता आएगी.

समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन करने की अपील
इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिला कर्मचारी संघ का धन्यवाद देते हुए कहा कि राज्य सरकार का यह निर्णय प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने सभी कर्मचारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की. कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, डीआरडीए निदेशक पूर्णिमा कुमारी सहित जिला कर्मचारी संघ के सुकुमार प्रसाद मरांडी, नारायण प्रसाद वर्मा, विजय कुमार, कीर्ति कांत, सुमित कुमार सुमित, सबिता सोनम, टिन्नी कुमारी, वीरसमुनि होरो, संतोष कुमार सिंह और लक्ष्मी नारायण प्रसाद समेत कई कर्मचारी प्रतिनिधि मौजूद रहे.
ALSO READ :13 साल पुराने जमीन अधिग्रहण मामले में HC सख्त, DLAO से कहा- अविलंब मुआवजा दें, नहीं तो दर्ज होगी FIR


