Ranchi: झारखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक हरिराम बाबू के निधन पर प्रदेश सहित राष्ट्रीय स्तर के कांग्रेस नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है. नेताओं ने उनके निधन को कांग्रेस संगठन और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन जनसेवा, सामाजिक न्याय और कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने में समर्पित किया. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के स्थायी आमंत्रित सदस्य एवं झारखंड प्रभारी के. राजू ने अपने शोक संदेश में कहा कि हरिराम बाबू कांग्रेस परिवार के समर्पित सिपाही थे. उन्होंने संगठन को मजबूत करने और आम लोगों की आवाज उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उनका निधन पार्टी के लिए एक बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई आसान नहीं होगी.
यह भी पढ़ें: करगली फिल्टर प्लांट की बदहाली: एक लाख की आबादी दूषित पानी पीने को मजबूर, करोड़ों खर्च फिर भी व्यवस्था दुरुस्त नहीं

‘हरिराम बाबू एक अनुभवी, सरल, सौम्य और जनप्रिय नेता थे’
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि हरिराम बाबू एक अनुभवी, सरल, सौम्य और जनप्रिय नेता थे. उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में संगठन को मजबूती देने के साथ-साथ जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. उनका योगदान कांग्रेस परिवार हमेशा याद रखेगा. पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि हरिराम बाबू का निधन उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भी बेहद दुखद है. वे संघर्षशील, प्रतिबद्ध और संगठन के प्रति पूरी तरह समर्पित नेता थे. उनका अनुभव, मार्गदर्शन और कार्यशैली कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगी. हरिराम बाबू के निधन पर अखिल भारतीय कांग्रेस के सचिव एवं झारखंड के सह प्रभारी बेला प्रसाद, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बालमुचू, पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू, डीएन चंपिया, राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, रविंद्र सिंह, संजय लाल पासवान, सूर्यकांत शुक्ला और सुमित शर्मा सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने भी गहरा शोक व्यक्त किया.


