Dumka : जिला में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. दुमका नगर थाना क्षेत्र में एक पड़ोसी ने पहले तो छिपकर एक महिला का नहाते हुए अश्लील वीडियो बनाया, और फिर उस वीडियो को हथियार बनाकर ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली और हवस का ऐसा घिनौना खेल खेला जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए. हालांकि, अब इस 32 वर्षीय शातिर आरोपी को दुमका नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
छत से झांककर बनाया अश्लील वीडियो
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला और आरोपी का घर बिल्कुल सटा हुआ है. आरोपी की छत से महिला का आंगन और बाथरूम साफ नजर आता था. आरोपी ने इसी का फायदा उठाया और बेहद शातिराना तरीके से छिपकर महिला का नहाते समय एक अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया. इस वीडियो के बनते ही महिला की जिंदगी में प्रताड़ना का वो खौफनाक दौर शुरू हुआ, जिसने उसकी जिंदगी को नर्क बना दिया.

बदनामी का डर दिखाकर ऐंठी मोटी रकम, वीडियो कॉल पर करता था प्रताड़ित
आरोपी ने वह अश्लील वीडियो खुद महिला के ही मोबाइल पर भेज दिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा. लोक-लाज और बदनामी के डर से सहमी महिला ने शुरुआत में इसे छुपाने की कोशिश की. इसी लाचारी का फायदा उठाकर आरोपी महिला को अश्लील हरकत करने के लिये मजबूर करने लगा. इतना ही नहीं, वह वीडियो डिलीट करने के नाम पर महिला से लगातार मोटी रकम भी ऐंठता रहा.
नर्सिंग ट्रेनिंग सेंटर में ले जाकर किया दुष्कर्म
दरिंदगी की सारी हदें बीते 21 जून को पार हो गईं, उस दिन महिला का पूरा परिवार एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए गिरिडीह गया हुआ था. घर को अकेला पाकर आरोपी ने महिला को अपने जाल में फंसाने की एक और साजिश रची. उसने महिला को झांसा दिया कि अगर वह 30 हजार रुपये लेकर आएगी, तो वह सारे वीडियो को हमेशा के लिए डिलीट कर देगा. अपने परिवार और अपनी इज्जत को बचाने की खातिर महिला किसी तरह 30 हजार रुपये का इंतजाम कर शहर के लाल पोखरा इलाके में पहुंची. वहां आरोपी पहले से घात लगाए बैठा था. उसने महिला को अपनी स्कूटी पर बैठाया और एक नर्सिंग ट्रेनिंग सेंटर के सूने कमरे में ले गया. वहां कमरे की चाबी मंगवाकर उसने अंदर महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया. हद तो तब हो गई जब इस हैवानियत को अंजाम देने के बाद आरोपी ने महिला को फिर धमकाया कि उसने इस घिनौनी करतूत का भी वीडियो बना लिया है और मुंह खोलने पर उसे जान से मारने की चेतावनी दी.
महिला ने दिखाई हिम्मत, पति को बताई आपबीती
आरोपी की हवस और पैसे की भूख यहीं शांत नहीं हुई. गत 27 जून को जब महिला के पति को दोबारा किसी काम से बाहर जाना था, तो आरोपी को इसकी भनक लग गई. उसने दोबारा महिला पर मिलने और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला. इस बार महिला के सब्र का बांध टूट गया. उसने और डरने के बजाय हिम्मत जुटाई और अपने पति को रोते हुए पूरी आपबीती सुना दी. पत्नी की बात सुनकर पति के पैरों तले जमीन खिसक गई. इसके बाद दोनों तुरंत नगर थाना पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए दुमका नगर थाना पुलिस तुरंत रेस हो गई
और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
ALSO READ : झारखंड पुलिस एसोसिएशन : रेल जमशेदपुर शाखा का मतदान कल, प्रत्याशियों ने किये कई वादा


