Dhanbad : निरसा विधायक अरुण चटर्जी को धमकी देने के बाद वासेपुर में गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ एक्शन शुरू हो गया है. शनिवार को एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में पुलिस टीम प्रिंस खान के घर को तोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. सुबह से ही वासेपुर इलाके में पुलिस की हलचल तेज हो गई थी. बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती के बीच प्रिंस खान के आवास पर कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई. कार्रवाई के दौरान आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चा होती रही.

निरसा विधायक अरूप चटर्जी को प्रिंस खान ने दी धमकी:
निरसा विधायक अरूप चटर्जी को गैंगस्टर प्रिंस खान ने फोन, ऑडियो और व्हाट्सएप मैसेज के जरिए धमकी दी है. विधायक ने इस संबंध में धनबाद के एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की विधायक अरूप चटर्जी के अनुसार, प्रिंस खान लगातार उन्हें फोन कर रहा था, लेकिन उन्होंने कॉल नहीं उठाया. इसके बाद व्हाट्सएप पर ऑडियो और मैसेज भेजकर पैसे की मांग की गई और धमकी दी गई. ऑडियो में 24 घंटे के भीतर पैसे का इंतजाम करने को कहा गया, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। इसमें कोयले के काम का भी जिक्र था.


कई गंभीर मामलों में आरोपी है प्रिंस खान:
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रिंस खान लंबे समय से फरार चल रहा है. उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, धमकी, फायरिंग और आपराधिक साजिश जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं. धनबाद के अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ कई प्राथमिकी पहले से दर्ज हैं. बताया गया कि अदालत में लगातार अनुपस्थित रहने के कारण न्यायालय ने उसके खिलाफ कुर्की-जप्ती का आदेश जारी किया था. इसी आदेश के तहत पुलिस टीम उसके वासेपुर स्थित घर पहुंची और कानूनी कार्रवाई को अंजाम दिया.

पहले भी हो चुकी है कुर्की-जप्ती:
पुलिस के अनुसार यह पहली बार नहीं है जब प्रिंस खान के ठिकानों पर कार्रवाई की गई हो. इससे पहले भी पुलिस कई बार उसके घर और अन्य संभावित ठिकानों पर कुर्की-जप्ती कर चुकी है. अधिकारियों ने बताया कि बार-बार की कार्रवाई के कारण घर में कोई विशेष सामान नहीं मिला. हालांकि पुलिस का कहना है कि लगातार दबाव बनाने के उद्देश्य से यह अभियान जारी रखा गया है ताकि उसके नेटवर्क को पूरी तरह कमजोर किया जा सके. पुलिस ने यह भी कहा कि कानून से बचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई होती रहेगी.

पाकिस्तान में छिपे होने का दावा:
धनबाद पुलिस का दावा है कि प्रिंस खान फिलहाल पाकिस्तान में छिपकर रह रहा है और वहीं से अपने गिरोह का संचालन कर रहा है. पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया और इंटरनेट कॉलिंग के जरिए वह अपने नेटवर्क से संपर्क बनाए हुए है. हाल के दिनों में प्रिंस खान ने सोशल मीडिया के माध्यम से धनबाद के एसएसपी पर अवैध वसूली जैसे गंभीर आरोप भी लगाए थे. हालांकि पुलिस प्रशासन ने इन आरोपों को निराधार बताया था.


