Gumla: झारखंड सरकार के परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे महत्वाकांक्षी अभियान ‘परिवहन कार्यालय आपके द्वार’ के तहत गुमला प्रखंड कार्यालय सभागार में आयोजित विशेष लर्निंग लाइसेंस शिविर को अपार सफलता मिल रही है. इस एकदिवसीय शिविर में 220 से अधिक लोगों ने भाग लिया, जिनमें से कुल 224 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 197 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए, जबकि 27 अभ्यर्थी असफल रहे। शिविर में लाइसेंस बनवाने को लेकर सुबह से ही भारी भीड़ देखने को मिली, जिससे प्रशासन को व्यवस्था संभालने में काफी मेहनत करनी पड़ी.
उपायुक्त ने किया लाइसेंस वितरण
शिविर की विशेष बात यह रही कि गुमला के उपायुक्त दिलेश्वर महतो स्वयं मौके पर पहुंचे और सफल अभ्यर्थियों को अपने हाथों से शिक्षार्थी अनुज्ञप्ति (लर्निंग लाइसेंस) प्रदान की। इससे उपस्थित युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला. लाइसेंस वितरण के दौरान उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूक किया. उन्होंने कहा कि बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए सभी को सतर्क रहने की आवश्यकता है. उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग की सलाह दी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए भी सीट बेल्ट अनिवार्य किया जा चुका है, जिसका पालन सभी को करना चाहिए.
लर्निंग लाइसेंस को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश
उपायुक्त ने अभ्यर्थियों को समझाया कि लर्निंग लाइसेंस केवल वाहन चलाना सीखने के लिए होता है, इसे स्थायी लाइसेंस न समझा जाए. उन्होंने सलाह दी कि 30 दिनों के बाद स्थायी लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन अवश्य करें और पूरी जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं.
प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अशोक कुमार चोपड़ा, अंचलाधिकारी हरीश कुमार, मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) और जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) सत्येन्द्र महतो सहित परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
अगला शिविर 7 जुलाई को
विभाग ने जानकारी दी है कि अगला शिविर 7 जुलाई 2026 को गुमला प्रखंड के फसिया पंचायत में आयोजित किया जाएगा. इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं. यह शिविर यह संदेश देता है कि जब प्रशासन सीधे जनता के द्वार तक पहुंचता है, तो नागरिक बड़ी संख्या में आगे आकर सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाते हैं.
ALSO READ : हजारीबाग: कोनार डैम की खूबसूरती पर असामाजिक तत्वों की नजर, तिरंगा थीम लाइटें क्षतिग्रस्त, DVC ने जताई चिंता
