सरायकेला : शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प, नए DSE का हुआ अभिनंदन

Seraikela-Kharsawan: जिले में नवपदस्थापित जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) का झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, झारखंड माध्यमिक शिक्षक संघ एवं JHAROTEF के संयुक्त तत्वावधान...

Seraikela Kharsawan
नवपदस्थापित जिला शिक्षा अधीक्षक का हुआ स्वागत

Seraikela-Kharsawan: जिले में नवपदस्थापित जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) का झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, झारखंड माध्यमिक शिक्षक संघ एवं JHAROTEF के संयुक्त तत्वावधान में आत्मीय स्वागत समारोह आयोजित किया गया.  इस अवसर पर शिक्षक संगठनों ने अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और पौधा भेंटकर उनका अभिनंदन किया तथा सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं. स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा अधीक्षक ने कहा कि जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी.  इसके लिए सभी शिक्षक संगठनों, शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाएगा.  उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग से जिले की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकेगा. उन्होंने कहा, “हम सब मिलकर जिले की शिक्षा को बेहतर बनाएंगे। शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता होगी. “

सेवा-संबंधी समस्याओं से अवगत कराया

इस दौरान शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों ने जिले के शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न प्रशासनिक एवं सेवा-संबंधी समस्याओं से जिला शिक्षा अधीक्षक को अवगत कराया.  साथ ही जिले में नव नियुक्त सहायक आचार्यों की यथाशीघ्र विद्यालयों में पदस्थापना सुनिश्चित करने की मांग उठाई. इस पर जिला शिक्षा अधीक्षक ने आश्वस्त किया कि सभी सहायक आचार्यों के विद्यालय आवंटन एवं पदस्थापना की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर चल रही है और जल्द ही सभी को उनके निर्धारित विद्यालयों में पदस्थापित कर दिया जाएगा.

स्थानीय अवकाशों के निर्धारण को लेकर ज्ञापन सौंपा गया

कार्यक्रम के दौरान झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से जिले के शेष स्थानीय अवकाशों के निर्धारण को लेकर जिला शिक्षा अधीक्षक को एक ज्ञापन भी सौंपा गया. इस अवसर पर झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला प्रधान सचिव सह प्रदेश उपाध्यक्ष और JHAROTEF के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमित कुमार महतो, झारखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला सचिव नारायण कुमार,  जिला सचिव जवाहरलाल महतो, कोषाध्यक्ष हरे कृष्ण महतो, उपाध्यक्ष बलराम टुडू, राज्य प्रतिनिधि उदित नारायण, सुशील कुमार सहित चांडिल, गम्हरिया और सरायकेला प्रखंडों के कई शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित थे. कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और सभी शिक्षक संगठनों ने नवपदस्थापित जिला शिक्षा अधीक्षक को उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं.

READ ALSO: चाईबासा के निजी अस्पतालों में फायर मॉक ड्रिल, अग्नि सुरक्षा के दिए गए व्यावहारिक प्रशिक्षण

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *