Palamu : पलामू जिले के सदर थाना पुलिस ने मेडिकल कॉलेज के पास चोरी की नीयत से रेकी कर रहे एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक स्कूल से चोरी किए गए दो गैस सिलेंडर भी बरामद किए हैं. आरोपी ने पूछताछ में कई अहम खुलासे किए हैं.पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक मेडिकल कॉलेज परिसर के आसपास संदिग्ध परिस्थिति में घूम रहा है और चोरी की योजना बना रहा है. सूचना के आधार पर सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मेडिकल कॉलेज के समीप कचरवा टोला (बारालोटा) निवासी रमा भुइयां उर्फ बुचन भुइयां को हिरासत में लिया.
चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए रेकी कर रहा था
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह मेडिकल कॉलेज में चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए रेकी कर रहा था. उसने यह भी बताया कि वह पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है.आरोपी ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उसने अपने साथियों के साथ मिलकर रजवाडीह स्थित एक स्कूल से दो गैस सिलेंडर चोरी किए थे. हालांकि खरीदार नहीं मिलने के कारण दोनों सिलेंडरों को छिपाकर रखा गया था.आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दोनों चोरी के गैस सिलेंडर बरामद कर लिए.पुलिस ने आरोपी के अन्य साथियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई शुरू कर दी है. मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.पुलिस का कहना है कि जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है.

ALSO READ: DVC स्थापना दिवस पर कोनार डैम में ‘रन फॉर DVC’, अधिकारियों और कर्मचारियों ने लगाई दौड़


